हरियाणा के झज्जर में हुए हितेश हत्याकांड में की जिम्मेदारी रोहित गोदारा गैंग ने ली है। गैंग का दावा है कि कुछ दिन पहले हितेश ने उनके भाई पर फायरिंग की थी। उन्होंने इसी बात का बदला लिया है।
गैंग की तरफ से लिखा गया है, “हितेश उर्फ गोलू ने पहले हमारे साथी प्रदीप और उसके भाई फौजी पर गोली चलाई थी, जिसके बदले में इस वारदात को अंजाम दिया गया। हितेश को केवल 30 गोलियां मारी गई हैं, जबकि इस घटना से जुड़े बाकी लोगों को 100 से ज्यादा गोलियां मारी जाएंगी। जो भी हमारे दुश्मन हैं, वे तैयार रहें, जल्द ही मुलाकात होगी।”
उधर, पोस्टमॉर्टम में हितेश के शरीर से एक गोली निकली है, जबकि गोलियों के 9 अन्य निशान भी मिले हैं। ये गोलियां हितेश के शरीर के आर-पार हो गईं। 3 गोलियां उसकी बॉडी को छूकर निकलीं।
डॉक्टरों को हितेश के शरीर से कांच के टुकड़े भी मिले हैं। आशंका जताई जा रही है कि गोली लगने से गाड़ी के शीशे टूट गए थे और ये कांच के टुकड़े वहीं से आए हैं। ACP शमशेर का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमों का गठन किया गया है।
