Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

गोवा पुलिस का खुलासा :ड्रग की ओवरडोज से सोनाली की तबीयत बिगड़ी, तो दोनों ने सोनाली को वॉशरूम में दो घंटे वॉशरूम में रखा बंद

हरियाणा BJP की नेता सोनाली फोगाट की मौत से जुड़े केस में नए खुलासे हो रहे हैं। इस मामले की जांच कर रही गोवा पुलिस ने दावा किया है कि सोनाली को जबरन ड्रग्स दी गई थी। यह ड्रग उनके PA सुधीर सांगवान और सुखविंदर ने दी। इन दोनों ने यह बात खुद गोवा पुलिस के सामने कबूली है। दोनों को अरेस्ट कर लिया गया है।

गोवा के DGP जसपाल सिंह के अनुसार सुधीर और सुखविंदर ने कबूल किया है कि उन्होंने 22 अगस्त की रात सोनाली को जबरदस्ती ड्रग दी। उन्हें लिक्विड में मिलाकर केमिकल दिया गया। ड्रग की ओवरडोज से सोनाली की तबीयत बिगड़ी तो दोनों उन्हें वॉशरूम में ले गए। दोनों सोनाली के साथ दो घंटे वॉशरूम में ही बैठे रहे।

गोवा के DGP ने बताया कि पुलिस को एक क्लब की CCTV फुटेज भी मिली है। इस फुटेज में सुधीर सांगवान बोतल में सोनाली को कुछ मिलाकर पिलाता हुआ दिख रहा है। हो सकता है कि उस बोतल के लिक्विड में केमिकल हो।

इसी मामले में गोवा के IG ओमवीर सिंह ने भी प्रेस कॉन्फ्रेंस की। IG के अनुसार उपलब्ध साक्ष्यों और CCTV फुटेज में दिख रहा है कि सुधीर सांगवान और सुखविंदर क्लब में पार्टी कर रहे थे। इसी दौरान दोनों ने सोनाली को कोई लिक्विड पिलाया। इस लिक्विड में कोई सिंथेटिक ड्रग हो सकती है जिसका नाम अभी सामने नहीं आया है।

IG ओमवीर सिंह ने बताया कि CCTV फुटेज में दिख रहा है कि लिक्विड पीने के बाद सोनाली से संभला नहीं जा रहा। इसके बाद सुधीर और सुखविंदर सोनाली को संभालते नजर आ रहे हैं। कुछ समय बाद एक अन्य कैमरे की फुटेज में दोनों सोनाली को वॉशरूम ले जाते हुए नजर आते हैं और 2 घंटे तक वहीं रहते हैं।

IG ने बताया कि इस केस की इन्वेस्टिगेशन जारी है। पुलिस एफएसएल टीम को साथ लेकर आरोपियों के खिलाफ सबूत जुटाएगी। दोनों को 24 घंटे में कोर्ट में पेश कर दिया जाएगा।

इस बीच हिसार में मौजूद सोनाली के जीजा अमन पूनिया ने बताया कि उनके पास शुक्रवार सुबह गोवा के एक DSP का फोन आया था। डीएसपी ने उन्हें बताया कि इस मामले की जांच के लिए स्पेशल टीम गठित की गई है।

उधर, सोनाली के भाई वतन ढाका ने कहा कि उनका पूरा परिवार तो पहले दिन से कह रहा है कि सुधीर और सुखविंदर ने सोनाली को ड्रग देकर मारा है। अब पुलिस की इन्वेस्टिगेशन में भी यही बात आ रही है।

Exit mobile version