हाल ही में गोवा के स्वास्थ्य मंत्री द्वारा एक सीनियर डॉक्टर से की गई अभद्रता और दुर्व्यवहार ने स्वास्थ्य व्यवस्था की गरिमा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। जिस अंदाज़ में मंत्री महोदय ने गर्मजोशी और “गरीब सेवा” के नाम पर मानवता का मुखौटा पहनकर सार्वजनिक रूप से एक डॉक्टर को अपमानित किया, वह न केवल अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है, बल्कि प्रशासनिक मर्यादा का भी सीधा उल्लंघन है।
अफसोस की बात यह रही कि इस पूरे घटनाक्रम के दौरान आसपास मौजूद रेजिडेंट डॉक्टर्स और अन्य चिकित्सा कर्मी मूकदर्शक बने रहे। किसी में भी इतनी नैतिक शक्ति नहीं दिखी कि वे इस अपमानजनक दृश्य के खिलाफ आवाज़ उठाते। यह स्थिति दर्शाती है कि आज का सिस्टम “हमें क्या फर्क पड़ता है” जैसे रवैए और “नौकरी बचाओ” जैसी मानसिकता से बुरी तरह ग्रसित हो चुका है।
जिस पद पर मंत्री महोदय बैठे हैं, उससे अपेक्षित होता है कि वे जनसेवा और गरिमामयी व्यवहार के उदाहरण प्रस्तुत करें। लेकिन अफसोस की बात है कि आज राजनीति में यह एक नया चलन बन गया है — किसी सीनियर अधिकारी या डॉक्टर को सार्वजनिक रूप से फटकार लगाकर अपने सिबिल स्कोर और जन-लोकप्रियता को बढ़ाने की कोशिश करना। सोशल मीडिया और ओछे मीडियाकर्मियों के जरिए ऐसे दृश्य वायरल करवाकर राजनीतिक मंशाएं साधना, यह आज की राजनीति की नई चाल बन चुकी है।
सवाल यह भी है कि जब किसी ढाबे या निर्माण स्थल पर कोई बाहरी व्यक्ति अपमानजनक व्यवहार करता है, तो वहां के मजदूर या स्टाफ एकजुट होकर जवाब देते हैं, लेकिन जब डॉक्टर जैसे शिक्षित और संवेदनशील वर्ग को सार्वजनिक मंच पर लज्जित किया जाता है, तो वह चुप क्यों रहता है?
शायद मंत्री जी को यह भ्रम हो गया है कि डॉक्टरों को अपमानित कर के वह ‘जनसेवा’ की बड़ी तस्वीर पेश कर रहे हैं। लेकिन वास्तव में यह सत्ता के अहंकार और ओछी लोकप्रियता का प्रतिबिंब है। ऐसे लोगों को बेनकाब करना और व्यवस्था में गरिमा की पुनर्स्थापना करना हम सबकी सामूहिक जिम्मेदारी है।
हर तीन महीने में एक नया डॉक्टर किसी ना किसी ‘कोप का भाजन’ बनता है — यह एक गंभीर संकेत है कि हमारे समाज और प्रशासन में चिकित्सकों की गरिमा और आत्मसम्मान की रक्षा को लेकर एक बड़ा शून्य बनता जा रहा है।

