सोशल मीडिया पर एक वीडियो खूब वायरल हो रहा है, जिसमें एक Flipkart डिलीवरी बॉय कस्टमर से मोबाइल एक्सचेंज के दौरान 500 रुपये मांगता दिख रहा है। जिसके बाद ग्राहक गुस्सा हो जाता है और उन्हें जाने को बोलता है।
वीडियो में देखा जा सकता है कि जब ग्राहक ने अपना पुराना फोन एक्सचेंज के लिए दिया, तो डिलीवरी बॉय ने कहा कि उसमें ‘खराबी’ है और बिना 500 रुपये दिए वह एक्सचेंज आगे नहीं बढ़ाएगा। जब ग्राहक ने पैसे देने से मना कर दिया तो डिलीवरी बॉय ने धमकी दी कि अगर उसने पैसे नहीं दिए, तो वह नए फोन पर डेंट मार देगा।दोनों के बीच बहस बढ़ गई, लेकिन ग्राहक ने साफ कहा कि वह कोई फालतू पैसा नहीं देगा और डिलीवरी बॉय से चले जाने को कहा। डिलीवरी एजेंट, जिसने खुद को बादशाहपुर का बताया। उसने ग्राहक से कहा कि थोड़ा कस्टमर की तरह व्यवहार करो। इस पर शख्स ने जवाब दिया, तुम डिलीवरी वाले हो, बस फोन डिलीवर करो, ड्रामा मत करो। आखिरकार एजेंट बिना पैसे लिए वहां से चला गया।

वीडियो के वायरल होते ही सोशल मीडिया पर लोग अपने-अपने अनुभव शेयर करने लगे। कई लोगों ने बताया कि उन्हें भी एक्सचेंज के दौरान डिलीवरी एजेंट्स ने इसी तरह धोखा देने की कोशिश की थी। कुछ लोगों ने कहा कि डर या कन्फ्यूजन के कारण उन्होंने पैसे दे दिए, जबकि कुछ ने सलाह दी कि अगर कोई पैसे मांगे तो सीधे मना कर दें या ऑर्डर कैंसिल कर दें।
लोगों का कहना है कि ऐसे मामलों पर कंपनियों को सख्त नजर रखनी चाहिए। एक यूजर ने लिखा, ‘Flipkart को अपने डिलीवरी एजेंटों पर नजर रखनी चाहिए, ताकि ग्राहक को परेशान न किया जाए।’ दूसरे ने कहा, ‘मैंने Flipkart से चार फोन एक्सचेंज किए हैं। डिलीवरी वाले जानबूझकर रिपोर्ट में प्रॉब्लम दिखाते हैं ताकि कीमत घट जाए। लेकिन अगर आप उन्हें कुछ पैसे दे दो, तो वे रिपोर्ट सही बना देते हैं। ये अब आम बात हो गई है। वायरल वीडियो को एक्स पर @ayushdxt नाम के यूजर ने शेयर किया है, जो काफी वायरल हो रहा है।
वीडियो के वायरल होते ही पोस्ट पर Flipkart का भी जवाब आता है।जिसमें लिखा होता है, ‘हम आपकी चिंता समझते हैं और हमने अभी आपके डीएम का जवाब दिया है। एक नजर जरूर डालें। अगर कोई और समस्या हो, तो कृपया हमसे संपर्क करें। हमें आपकी मदद करने में खुशी होगी।’

क्या होता है एक्सचेंज प्रोग्राम?
दरअसल, ऑनलाइन स्मार्टफोन खरीदते हुए आपको पुराने फोन को एक्सचेंज करने का विकल्प मिलता हैI आप अपने पुराने फोन को बेच सकते हैI एक्सचेंज में कई बार स्मार्टफोन की वैल्यू अच्छी मिल जाती हैI खासकर सेल के वक्त जब फोन पर एक्सचेंज प्राइस के साथ ही एक्सचेंज बोनस भी मिलता हैI
