रोहतक में एक युवती घर से फरार हो गई। वह अपने साथ घर से 15 लाख रुपए कैश, मां के सोने के आभूषण व दस्तावेज ले गई। परिवार वालों को उसकी किताब में नोट मिला, जिससे उसके फरार होने का पता चला। इसकी शिकायत पुलिस को दे दी है। पुलिस युवती की तलाश कर रही है।
कॉलोनी निवासी व्यक्ति ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी करीब 20 वर्षीय बेटी घर से बिना कुछ बताए 6 जून को संदिग्ध हालात में घर से लापता हो गई। उन्होंने अपनी बेटी को तलाशने का प्रयास किया, लेकिन कहीं पर कोई सुराग नहीं लगा। यहां तक कि रिश्तेदारी में भी पूछताछ की, वहां पर भी कुछ जानकारी नहीं मिली।
पिता ने बताया कि उन्होंने रविवार को घर पर बेटी की किताब देखी। किताब में हाथ से लिखा कागज का नोट मिला। जिसमें लिखा था कि वह अपनी मर्जी से जा रही है। क्योंकि वह बहुत दुखी है। उन्होंने बताया कि उसे पैसों की जरूरत पड़ी तो उन्होंने अलमारी में से निकालने चाहे, लेकिन जब अलमारी चेक की तो उसमें रखे 15 लाख रुपए नहीं मिले। उसने अपना प्लाट बेचा था, जिसके बदले 15 लाख रुपए मिले थे। वे रुपए अलमारी में ही रखे हुए थे। साथ ही उसकी पत्नी के सोने के आभूषण भी चेक किए तो वह भी नहीं मिले।
उन्होंने कहा कि उसकी बेटी किसी के बहकावे में आकर कैश, आभूषण व दस्तावेज लेकर गई है। जिसकी जल्द से जल्द तलाश की जाए।

