Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

ऑनलाइन मंगाए गए केक को खाने से बच्ची की मौत:परिवार के 4 सदस्यों की मुश्किल से जान बची; पंजाब में बर्थडे पर ऑर्डर किया था

पंजाब के पटियाला में केक खाने से 10 साल की बच्ची की मौत हो गई। इसके अलावा 4 अन्य लोगों की भी तबीयत बिगड़ गई। परिवार ने बच्ची के बर्थडे पर ऑनलाइन केक ऑर्डर किया था। पुलिस ने इस मामले में अदालत बाजार स्थित केक कान्हा के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।

पुलिस ने 304-A (गैर इरादतन हत्या) और 273 की धारा लगाई हैं। परिजनों ने भगवंत मान से इंसाफ की गुहार लगाई है। बच्ची की पहचान मानवी के रूप में हुई है।

अमन नगर निवासी काजल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 24 मार्च की शाम 6 बजे ऑनलाइन कंपनी से केक ऑर्डर किया था। साढ़े 6 बजे के करीब केक घर पहुंच गया। सवा सात बजे केक काटा गया। केक खाने के बाद मानवी सहित अन्य पारिवारिक मेंबरों की हालत खराब हो गई थी। सबको उल्टियां की समस्या आ रही थीं।

उसकी छोटी बहन की तबीयत खराब हो गई थी। फिर उसे अस्पताल लेकर गए। अगली सुबह साढ़े 5 बजे अस्पताल में बच्ची मौत हो गई, जबकि छोटी बच्ची को बड़ी मुश्किल से बचाया गया। बाकी परिवार के लोगों की भी तबीयत बिगड़ गई थी, किसी तरह उन्हें बचाया गया।

नाना हरबंस ने बताया कि उसकी 2 दोहतियां हैं। मानवी 10 साल की बड़ी दोहती थी। उसने हाल में 5वीं क्लास में अच्छे अंक हासिल किए थे। वह अपनी क्लास में मॉनिटर थी। इस मामले में सेहत विभाग ने अच्छे से काम नहीं किया। उन्होंने पंजाब सरकार से अपील की है कि इस मामले में उचित कार्रवाई की जाए, ताकि दोबारा किसी परिवार को इस तरह की दिक्कत न उठानी पड़े। उन्होंने सीएम भगवंत मान से इंसाफ की गुहार लगाई है।

पारिवारिक मेंबरों ने बताया कि मानवी अपनी मम्मी और छोटी बहन के साथ नाना के घर पर रह रही थी, क्योंकि परिवार में दिक्कत चल रही थी। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस मामले में पुलिस सेहत विभाग का सहयोग लेगी। सेहत विभाग की टीम द्वारा जल्दी ही संबंधित दुकान सैंपल भरेगी।

Exit mobile version