रोहतक में जिला स्तरीय गीता जयंती महोत्सव 9 से 11 दिसंबर तक स्थानीय पुलिस लाइन मैदान में आयोजित होगा। गीता महोत्सव में जहां एक तरफ विभिन्न सरकारी विभागों द्वारा द्वारा स्टॉल लगाकर सरकार की जन कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। वहीं दूसरी ओर नागरिकों को हरियाणवी के साथ-साथ राजस्थानी और पंजाबी व्यंजन भी चखने को मिलेंगे।
तीन दिवसीय गीता जयंती महोत्सव के दौरान जनता से सीधे रूप से जुड़े संबंधित विभागों द्वारा मौके पर ही विभिन्न योजनाओं से संबंधित आवेदन लिए जाएंगे। गीता जयंती महोत्सव में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए डीसी धीरेंद्र खड़गटा ने सभी संबंधित विभागों को जरूरी निर्देश दिए हैं।
डीसी खड़गटा के निर्देशानुसार गीता महोत्सव में शिक्षा विभाग द्वारा गीता से संबंधित श्लोक चरण और पेंटिंग प्रतियोगिता करवाई जाएगी। सौर ऊर्जा विभाग द्वारा नवीनतम योजनाओं से संबंधित नागरिकों के आवेदन लिए जाएंगे। स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयुष्मान कार्ड और बच्चों के स्वास्थ्य संबंधित चेकअप किए जाएंगे। आयुष विभाग द्वारा नागरिकों को आयुर्वेद से संबंधित दवाइयां और योग एवं प्राणायाम के बारे में जागरूक किया जाएगा।
उपायुक्त धीरेंद्र खड़गटा ने बताया कि महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा जहां एक तरफ संस्कृति कार्यक्रमों में कन्या भ्रूण हत्या की रोकथाम पर आधारित मंचन की प्रस्तुति दी जाएगी। कृषि एवं बागवानी विभाग द्वारा समारोह स्थल को फूलों से सजाया जाएगा। वहीं नवीनतम उत्तम क्वालिटी के बागवानी और फूलों से संबंधित बीज भी दिए जाएंगे।
अतिरिक्त उपायुक्त कार्यालय और समाज कल्याण विभाग द्वारा परिवार पहचान पत्र से संबंधित कार्य किए जाएंगे। स्थानीय शहरी निकाय से संबंधित स्ट्रीट वेंडर के लोन के आवेदन लिए का पंजीकरण किया जाएगा। पशुपालन विभाग द्वारा पशुपालन हेतु दिए जाने वाले ऋण की जानकारी दी जाएगी। जिला बाल एवं संरक्षण कार्यालय द्वारा बाल संरक्षण से संबंधित सरकार द्वारा उठाए जा रहे कदमों और योजनाओं के बारे में जागरूक किया जाएगा। इसके अलावा भी विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर उनसे संबंधित सरकारी योजनाओं की जानकारी नागरिकों को दी जाएगी।
