Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

जींद में गैस टैंकर में धमाके के साथ लगी आग: 50 फीट तक उठीं लपटें, दहशत में घर छोड़कर भागे लोग; 7.5 टन गैस से भरा था टैंकर

Breaking News Template intro for TV broadcast news show program with 3D breaking news text and badge, against global spinning earth cyber and futuristic style

जींद। हरियाणा के जींद में रोहतक रोड पर पेट्रोल पंप के पास देर रात गैस से भरे एक टैंकर में तेज धमाके के साथ आग लग गई। आग इतनी भयानक थी कि लपटें करीब 40 से 50 फीट तक उठने लगीं। घटना के बाद आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। धमाके और आग के खतरे को देखते हुए लोग अपने घर छोड़कर सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे। कई ग्रामीण अपने मवेशियों को भी साथ ले गए।

सूचना मिलने पर पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। टैंकर में गैस भरी होने के कारण बड़े धमाके की आशंका बनी हुई थी। ऐसे में दमकलकर्मियों ने शुरुआत में काफी दूरी से पानी की बौछार की। सुरक्षा के मद्देनजर घटनास्थल की ओर आने-जाने वाले रास्ते भी बंद कर दिए गए।

रात 11 बजे से सुबह 4 बजे तक चला अभियान

जानकारी के अनुसार, रोहतक रोड पर पेट्रोल पंप के पास खड़े गैस टैंकर में अचानक आग लगी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। आग की लपटें देखकर आसपास रहने वाले लोग घबरा गए। ग्रामीणों को आशंका थी कि आग पेट्रोल पंप तक पहुंच सकती है, इसलिए उन्होंने अपने पशुओं को खोलकर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया।

दमकल विभाग की टीमों ने आग बुझाने के लिए कई घंटे तक अभियान चलाया। जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त दमकल गाड़ियां भी बुलाई गईं। रिपोर्ट के अनुसार, रात करीब 11 बजे शुरू हुआ अभियान सुबह 4 बजे तक चला। अलसुबह करीब 3 बजे आग की लपटें शांत हो गई थीं, लेकिन सुरक्षा के लिहाज से दमकलकर्मी और पुलिसकर्मी सुबह 4 बजे तक मौके पर मौजूद रहे।

टैंकर में भरी थी करीब साढ़े 7 टन गैस

बताया जा रहा है कि टैंकर में करीब साढ़े 7 टन गैस भरी हुई थी। ज्वलनशील गैस होने के कारण आग लगने के बाद आसपास के क्षेत्र में बड़ा खतरा पैदा हो गया था। गनीमत रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

500 मीटर दूर है HP का गैस प्लांट

घटनास्थल के पास पेट्रोल पंप के अलावा एक गैस प्लांट भी है। जानकारी के मुताबिक, HP का गैस प्लांट घटनास्थल से करीब 500 मीटर की दूरी पर स्थित है, जहां गैस सिलेंडरों की रिफिलिंग की जाती है। ऐसे संवेदनशील क्षेत्र में टैंकर में आग लगने से लोगों की चिंता और बढ़ गई।

गैस चोरी की आशंका, जांच में जुटी पुलिस

टैंकर में आग लगने के वास्तविक कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। गैस चोरी की आशंका भी जताई जा रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। जांच के बाद ही आग लगने के कारणों का खुलासा हो सकेगा।

Exit mobile version