Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

मालगाड़ी के टैंक से लीक हुई गैस…LPG से भरे टैंकर में गैस रिसाव, रेलवे स्टेशन के पास मचा हड़कंप

हरियाणा के हिसार में मंगलवार सुबह एक बड़ा हादसा टल गया। बठिंडा से झज्जर जा रही एलपीजी (LPG) से भरी मालगाड़ी के एक टैंकर से अचानक गैस रिसने लगी। घटना हिसार रेलवे स्टेशन के पास सूर्यनगर फाटक के नजदीक घनी आबादी वाले इलाके में हुई, जिससे रेलवे प्रशासन, पुलिस और फायर ब्रिगेड में हड़कंप मच गया।

सुबह 8 बजे चला गैस रिसाव का पता

रेलवे अधिकारियों के अनुसार मालगाड़ी हिसार स्टेशन पहुंची थी। सुबह करीब 8 बजे कर्मचारियों को पता चला कि एक टैंकर से गैस का रिसाव हो रहा है। संभावित खतरे को देखते हुए उस टैंकर को तुरंत ट्रेन से अलग कर सूर्यनगर फाटक के पास अपेक्षाकृत सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया, ताकि किसी बड़े हादसे से बचा जा सके।

37 टन LPG से भरा था टैंकर

जांच में पता चला कि टैंकर के ऊपरी हिस्से पर बने ढक्कन से गैस रिस रही थी। टैंकर में करीब 37 टन एलपीजी गैस भरी हुई थी। सूचना मिलते ही रेलवे, रेलवे पुलिस, फायर ब्रिगेड और जिला प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंच गईं। पंजाब के बठिंडा और जींद से भी रेलवे की टेक्निकल टीमें हिसार बुलाई गईं।

करीब 3 घंटे चला राहत अभियान

टेक्निकल विशेषज्ञों ने टैंकर के ढक्कन में आई खराबी को ठीक कर गैस रिसाव पर काबू पाया। करीब ढाई से तीन घंटे तक राहत और बचाव कार्य चलता रहा। एहतियात के तौर पर फायर ब्रिगेड की गाड़ियों को मौके पर तैनात रखा गया।

रेलवे ने शुरू की जांच

रेलवे ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। यह पता लगाया जा रहा है कि टैंकर से गैस का रिसाव कैसे हुआ, इसमें किसी की लापरवाही थी या तकनीकी खराबी, और यदि समय रहते रिसाव पर काबू नहीं पाया जाता तो हादसा कितना गंभीर हो सकता था।

CPRO ने क्या कहा?

रेलवे के चीफ पब्लिक रिलेशन ऑफिसर (CPRO) अमित सुदर्शन ने बताया कि गैस रिसाव की सूचना मिलते ही रेलवे ने तत्काल कार्रवाई की। टेक्निकल टीमों की मदद से रिसाव को पूरी तरह नियंत्रित कर लिया गया और स्थिति अब सामान्य है।

Exit mobile version