Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

रोहतक के महम में CNG सिलेंडरों से भरे ट्रक में गैस रिसाव: कलानौर से मुंढाल जा रहा था वाहन, पुलिस और SDRF ने संभाला मोर्चा

रोहतक/महम। रोहतक जिले के महम के पास CNG सिलेंडरों से भरे एक ट्रक में गैस रिसाव होने से हड़कंप मच गया। ट्रक अदाणी ग्रुप के CNG सिलेंडर लेकर कलानौर से मुंढाल जा रहा था। रास्ते में महम के पास सिलेंडरों से गैस रिसने लगी। सुरक्षा को देखते हुए ट्रक को सड़क और आबादी से दूर एक खाली खेत में खड़ा कराया गया।

सूचना मिलने पर पुलिस, फायर ब्रिगेड और SDRF की टीमें मौके पर पहुंचीं। एहतियात के तौर पर कुछ समय के लिए यातायात भी रोका गया। टीमों ने मौके पर मोर्चा संभालते हुए स्थिति को नियंत्रित किया।

कलानौर से मुंढाल जा रहा था ट्रक

जानकारी के अनुसार, ट्रक नंबर HR 69F 7105 अदाणी ग्रुप के CNG सिलेंडर लेकर कलानौर से मुंढाल की ओर जा रहा था। महम के पास पहुंचने पर सिलेंडरों से गैस रिसाव शुरू हो गया। इसके बाद ट्रक को आबादी और सड़क से दूर खेत में खड़ा कराया गया, ताकि किसी तरह का खतरा न हो।

फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां और SDRF पहुंची

घटना की सूचना मिलते ही फायर विभाग की दो गाड़ियां और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। सुनारियां से SDRF इंचार्ज ASI राजेश अपनी टीम के साथ पहुंचे। प्रशासनिक अधिकारी भी स्थिति पर नजर बनाए रहे।

बताया गया कि गैस रिसाव का वास्तविक कारण विशेषज्ञ इंजीनियरों की जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। इसके लिए विशेषज्ञ टीम के मौके पर पहुंचने का इंतजार किया जा रहा था।

हालात सामान्य होने पर ट्रक को भेजा आगे

महम थाना प्रभारी रोशन लाल ने बताया कि SDRF की टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया। हालात सामान्य होने के बाद ट्रक को आगे जाने दिया गया। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

Exit mobile version