पुलिस सूत्रों का कहना है कि पुख्ता सूचना मिली कि बिहार से भारी मात्रा में रोहतक में गांजा की सप्लाई हुई है। गश्त के दौरान पी/एसआई शुभम की टीम को सूचना मिली कि एक युवक मालगोदाम रोड पर खड़ा है, जो नशीला पदार्थ सप्लाई करने आया है। पुलिस ने दबिश देकर माल गोदाम रोड से एक युवक को काबू किया। पूछताछ में युवक की पहचान मुकेश निवासी साहदुल्लापुर चकफरीद, मधुरापुर जिला वैशाली बिहार के तौर पर हुई। डीएसपी की मौजूदगी में युवक की तलाशी ली तो ट्रॉली बैग व पीठू बैग में तीन बंडल मिले। जांच में तीनों बंडल में 15 किलो गांजा बरामद हुआ। पूछताछ में मुकेश ने बताया कि वह तो इंजीनियरिंग का छात्र है। उसे बताया गया था कि रोहतक पहुंचने पर माल लेने कोई आ जाएगा। अब पुलिस आरोपी को 5 दिन के रिमांड पर लेकर बिहार जाएगी। ताकि गांजा भेजने वालों को दबोचा जा सके। उधर, सिटी पुलिस ने ही हिसार रोड पर अशोका फोटो स्टेट वाली गली में दबिश देकर बिहार के गांव रस्तमपुर, जिला वैशाली निवासी जयपाल को काबू किया। उसके पास से बैग में 9 किलो गांजा बरामद हुआ। दो दिन पहले सीआईए पुलिस ने बांगड़ सिनेमा के पास भी बिहार के एक युवक को गांजा के साथ दबोचा था। इसके अलावा रविवार की रात को पुलिस ने वीटा प्लांट के पास रैनकपुरा के युवक को 2 किलो 58 ग्राम चरस के साथ काबू किया था। वह अपनी क्रेटा के ट्यूबलेस टायर में नशीला पदार्थ लेकर आ रहा था।
