Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

गैंगस्टर सन्नी रिटोली का साथी रोहतक में गिरफ्तार:अपना गैंग बनाने के लिए लाया था हथियार, 24 कारतूस सहित 8 देसी पिस्तौल बरामद

रोहतक की सीआईए-2 ने गैंगस्टर सन्नी रिटोली के साथी को अवैध हथियारों के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी झज्जर का रहने वाला है, जो अपना गैंग बनाने के लिए भारी मात्रा में हथियार लेकर आया था। पुलिस ने नाकाबंदी करके आरोपी को काबू किया। जिसके कब्जे से 8 देसी पिस्तौल और 24 जिंदा राउंड बरामद हुए।

सीआईए-2 के एएसआई कुलदीप सिंह ने बताया कि वे झज्जर रोड पर केंद्रीय विद्यालय के नजदीक गश्त पर मौजूद थे। इसी दौरान सूचना मिली कि झज्जर जिले के गांव डीघल निवासी साहिल आपराधिक प्रवृति का है, जो गैंगस्टर सन्नी रिटोली का साथी है। वहीं अपना अलग गैंग बनाना चाहता है। इसके लिए वह भारी मात्रा में पिस्तौल और कारतूस लेकर आया है। उसने पिस्तौल के साथ सोशल मीडिया पर वीडियो भी डाली हुई है और काले रंग की बिना नंबर प्लेट की फॉर्च्यूनर गाड़ी है। जो रुपया चौक की तरफ आएगा और शहर की तरफ जाएगा। इस सूचना पर पुलिस ने नाकाबंदी की। इसी दौरान काले रंग की फॉर्च्यूनर गाड़ी आती हुई दिखाई दी।

फॉर्च्यूनर गाड़ी को पुलिस ने रुकने का इशारा किया तो गाड़ी चालक ने गाड़ी मोड़कर भागने का प्रयास किया। लेकिन गाड़ी बंद हो गई। वहीं गाड़ी के ड्राइवर को काबू किया। जिसकी पहचान झज्जर के गांव डीघल निवासी साहिल उर्फ सोनू के रूप में हुई। जिसकी तलाशी ली तो गाड़ी में ड्राइवर की साथ वाली सीट पर एक बैग मिला। जिसकी जांच करने पर उसमें भारी मात्रा में देसी पिस्तौल बरामद हुई। जिनकी संख्या 8 थी और उसके पास से कुल 24 जिंदा कारतूस भी मिले। साहिल के पास इनका कोई लाइसेंस भी नहीं था। जिसके खिलाफ रोहतक के पीजीआईएमएस थाना में केस दर्ज किया गया है। वहीं पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

Exit mobile version