Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

गैंगस्टर अतीक के बेटे असद व शूटर गुलाम को यूपी STF ने एनकाउंटर में मार गिराया: उमेश पाल की मां बोलीं- आज की कार्रवाई से हम लोगों को शांति मिली है; योगीजी को धन्यवाद

उमेश पाल मर्डर केस में वांटेड गैंगस्टर अतीक के बेटे असद और शूटर गुलाम मोहम्मद को UP पुलिस ने गुरुवार को मार गिराया। एनकाउंटर झांसी के बड़ागांव में परीछा डैम के पास STF ने किया। दोनों पर पांच-पांच लाख रुपए का इनाम था। पुलिस के मुताबिक, इनके पास विदेशी हथियार भी मिले हैं। STF की कार्रवाई के दौरान अतीक की प्रयागराज कोर्ट में पेशी चल रही थी। बेटे के एनकाउंटर की खबर सुनकर वो रोने लगा। गला सूखा तो पानी मांगा और सिर पकड़कर बैठ गया।

24 फरवरी को उमेश पाल के मर्डर के बाद ही ये फरार थे। STF 54 दिन से लगातार इन्हें ट्रेस कर रही थी और झांसी में इनकी लोकेशन मिलने पर मार गिराया। एनकाउंटर को डिप्टी एसपी नवेंदु और डिप्टी एसपी विमल लीड कर रहे थे। STF डीआईजी अनंत देव तिवारी ने कहा, ‘असद-मकसूद को हमारी टीम ने मार गिराया है। इनके पास से पिस्टल, रिवाल्वर और विदेशी हथियार बरामद हुए हैं।’

एनकाउंटर के बाद उमेश पाल की मां बोलीं- मेरे बेटे को सरेआम गोली मार दी। आज की कार्रवाई से हम लोगों को थोड़ी सी शांति मिली है। मेरे बेटे के हत्यारे मारे गए। ये जो 2 एनकाउंटर हुए हैं, उन्हें पाप की सजा मिली। देर है अंधेर नहीं है। योगीजी को धन्यवाद।

यूपी STF ने कहा- हमें जानकारी थी कि इनके पास विदेशी हथियार हैं। हम तैयार थे। जिस तरह इस गैंग ने उमेश पाल और उनके दोनों गनर्स को मारा था, इन आरोपियों को पकड़ना आसान नहीं था। दोनों के पास ब्रिटिश बुलडॉग रिवॉल्वर और वाल्थर पिस्टल मिली है। ये हथियार रेयर हैं। सामान्यत: मिलते नहीं हैं।

उमेश पाल मर्डर में असद का नाम और CCTV फुटेज सामने आने के बाद पत्नी शाइस्ता ने अतीक अहमद से नाराजगी जाहिर की थी। रोते हुए कहा था कि असद अभी बच्चा है। उसे इस मामले में नहीं लाना चाहिए था। यह सुनने के बाद माफिया डॉन अतीक अहमद नाराज हो गया था। पर डांटकर उसने शाइस्ता परवीन से कहा था, ‘असद शेर का बच्चा है। उसने शेरों वाला काम किया है। आज उसकी वजह से ही मैं 18 साल बाद चैन की नींद सोया हूं। उमेश के चलते मेरी नींद हराम हो गई थी। अब तुम बेवजह बात करके मेरा मूड न खराब करो। सब मैनेज हो जाएगा।’

उमेश हत्याकांड में अब तक 4 एनकाउंटर
24 फरवरी को प्रयागराज में हुए उमेश पाल हत्याकांड में यूपी पुलिस अब तक 4 एनकाउंटर कर चुकी है। इससे पहले, पहला एनकाउंटर प्रयागराज में ही 27 फरवरी को अरबाज का हुआ था। अरबाज उस क्रेटा कार को चला रहा था, जिससे बदमाश उमेश पाल के घर तक पहुंचे थे। इसमें असद भी था। वहीं, दूसरा एनकाउंटर 6 मार्च को हुआ था। इसमें उमेश पर पहली गोली चलाने वाले विजय चौधरी उर्फ उस्मान को मुठभेड़ में मार गिराया था। अतीक के परिवार की मदद करने वाले 3 आरोपियों और करीबियों के घर बुलडोजर चला था।

Exit mobile version