दिल्ली के फतेहपुरबेरी थाना क्षेत्र से इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली खबर सामने आई है, जहां दो लोगों ने मिलकर 3 साल की बच्ची को दरिंदगी का शिकार बनायाI बच्ची जंगल में खून से लथपथ मिलीI जहां से उसे इलाज के लिए AIIMS ले जाया गया। बच्ची की हालत नाजुक बनी हुई है, वहीं पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों रामनिवास पानिका (27) और शक्तिमान सिंह (22) को गिरफ्तार कर लिया है।
बताया जा रहा है कि बच्ची घर के बाहर खेल रही थी। पड़ोस में रहने वाले दोनों आरोपी उसे बहलाकर जंगल में ले गए और दुष्कर्म किया। बच्ची को AIIMS में भर्ती किया गया है, उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। आरोपी मध्य प्रदेश के सीधी जिले के रहने वाले हैं।
पुलिस के मुताबिक, एक महिला 3 साल की बच्ची के साथ फतेहपुरबेरी थाने पहुंची। महिला ने बताया कि बेटी शुक्रवार सुबह से लापता थी। एक पड़ोसी ने बताया कि बच्ची को डेरा गांव के जंगल में देखा है। उसने जंगल की तरफ जाते हुए 2 लोगों को भी देखा है। महिला जब जंगल में पहुंची तो बेटी जंगल में रोती हुई मिली।
बच्ची खून से लथपथ थी। मां ने बच्ची ने पूछा तो वह रोती रही। महिला ने सारी बात पति को बताई। इसके बाद वे थाने पहुंची। बच्ची को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज किया जा रहा है। मामले में जब पुलिस ने जांच की तो गैंगरेप की बात सामने आई। इसके बाद दो आरोपियों को अरेस्ट किया गया है। दोनों आरोपी शादीशुदा हैं और कूड़ा रिसाइकिलिंग की कंपनी में हेल्पर का काम करते हैं।

