हिसार में कैमरी क्रिकेट स्टेडियम के बाहर फायरिंग की वारदात से हड़कंप मच गया। यहां बदमाशों ने दो युवकों को निशाना बनाते हुए ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। गोली लगने से नरेश नागल की मौत हो गई, जबकि उसका दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। घायल युवक को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती तौर पर वारदात को गैंगवार से जोड़कर देखा जा रहा है, हालांकि फायरिंग के पीछे की असली वजह और आरोपियों की पहचान जांच के बाद स्पष्ट होगी। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर रही है।
हिसार में कैमरी रोड स्थित बॉक्स क्रिकेट ग्राउंड के बाहर बाइक सवार तीन नकाबपोशों ने क्रिकेट मैच देखकर निकले दो युवकों पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं। इस हमले में शराब ठेकेदार नरेश की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल है। वारदात रविवार रात करीब 11:45 बजे की है।
मृतक नरेश (गांव हरिता) पार्किंग, शराब ठेके और क्रिकेट ग्राउंड में कैंटीन चलाने का काम करता था। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, नरेश के खिलाफ पहले से ही हत्या, हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट के कई संगीन मामले दर्ज थे।मैच खत्म होने के बाद जैसे ही नरेश अपने दोस्त धर्मबीर (निवासी बयाना खेड़ा) के साथ बाहर निकला, तो घात लगाए बैठे 3 बदमाशों ने उन पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। गोलियों की आवाज से मौके पर भगदड़ मच गई।
घायलों को तुरंत निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने नरेश को मृत घोषित कर दिया। धर्मबीर को 3 गोलियां लगी हैं, जिनमें से 2 शरीर के आर-पार निकल गईं। पुलिस प्राथमिक जांच में इसे गैंगवार या पुरानी रंजिश का नतीजा मानकर हमलावरों की तलाश में जुट गई है।
