रोहतक के सेक्टर-1 में बुधवार शाम पांच मिनट के भीतर दो महिलाओं से चेन छीनकर फरार हुए स्कूटी सवार को लेकर स्थानीय आरडब्लयूए पदाधिकारियों ने गुरुवार को मीटिंग कर इलाके में हर गली, मोड़ पर सीसीटीवी कैमरे लगाने, गश्त कर पुलिस को आधुनिक उपकरण व वाहन देने व इलाके में गश्त बढ़ाने की मांग की है।
बुधवार शाम 7:10 से लेकर 7:15 तक एक काली स्कूटी सवार बदमाश सेक्टर एक में ही रहने वाली नीरज व पूनम यादव के गले से चेन छीन ले गया। दोनों महिलाएं शाम के समय घर को लौट रहीं थी, तभी बदमाश ने वारदात को अंजाम दिया। अभी तक बदमाश को पकड़ा नहीं जा सका है। मामले में पार्षद कदम सिंह ने बताया कि इलाके में स्नेचिंग की वारदात आम हो चली हैं। इतने पॉश इलाके में भी गलियों, सड़क, चौक पर सीसीटीवी कैमरे नहीं है। वहीं क्षेत्रफल व जनसंख्या के हिसाब से यहां पुलिस बल भी कम है, गश्त भी कम की जाती है। इसे लेकर देवीलाल पार्क में बैठक की गई है। पुलिस व प्रशासन से तुरंत कदम उठाने की मांग की गई है।
पार्षद ने बताया कि देवीलाल पार्क में भी पुलिस की सुरक्षा कहीं दिखाई नहीं देती। इलाके में वारदात से पहले अराजक तत्व पार्क में ही आकर बैठते हैं। रात को यहीं प्लानिंग बनाते हैंऔर फिर वारदात को अंजाम देते हैं। बैठक में आरडब्ल्यू प्रधान पवन, कृष्ण कुमार, खीरबाट, राजेन्द्र मलिक, डॉ. कालिया, पवन, जगबीर, अनुराग, सागर मौजूद रहे।

