फरीदाबाद: हरियाणा के फरीदाबाद में बदमाशों ने हरियाणा पुलिस के एक रिटायर्ड सब इंस्पेक्टर के घर को निशाना बनाते हुए तीन राउंड फायरिंग की। वारदात नगला एनक्लेव पार्ट-2 में देर रात करीब 2 बजे हुई। उस समय परिवार घर के अंदर सो रहा था। बुलेट बाइक पर सवार होकर आए दो युवकों ने मकान पर गोलियां चलाईं और मौके से फरार हो गए। पूरी घटना घर के बाहर लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई है।
घर का शीशा टूटा, दीवार पर लगी गोली
रिटायर्ड सब इंस्पेक्टर सुरजीत बैंसला के मुताबिक, घटना के समय परिवार के सभी सदस्य घर में सो रहे थे। पड़ोसी ने आकर उन्हें बताया कि उनके मकान पर गोली चलाई गई है। इसके बाद उन्होंने CCTV फुटेज चेक की, जिसमें दो युवक फायरिंग करते दिखाई दिए।
जानकारी के अनुसार, फायरिंग के दौरान घर का शीशा टूट गया, जबकि एक गोली दीवार में लगी। तीसरी गोली हवा में चलाई गई। गनीमत रही कि घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
बुलेट बाइक पर आए थे दोनों युवक
CCTV फुटेज में कथित तौर पर दो युवक बुलेट बाइक पर आते दिखाई दे रहे हैं। दोनों ने अपने चेहरे नहीं ढके हुए थे। मकान के पास पहुंचकर उन्होंने तीन राउंड फायर किए और फिर बाइक से फरार हो गए।
रिटायर्ड SI ने पुलिस को बताया कि वह हमलावरों को नहीं पहचानते। ऐसे में फायरिंग के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं है।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। अब CCTV फुटेज के आधार पर हमलावरों की पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
सारण थाना प्रभारी हुक्म सिंह के अनुसार, पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि फायरिंग किस वजह से की गई और इसमें कौन लोग शामिल हैं।

