Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

हरियाणा के 6 दोस्तों की एक साथ उठीं अर्थियां, हरिद्वार जाते समय कार में जिंदा जले थे युवक; ब्रेसलेट और कलावे से हुई पहचान

हांसी। हरियाणा के हांसी क्षेत्र में छह दोस्तों की दर्दनाक मौत के बाद दो गांवों में मातम पसरा हुआ है। हरिद्वार में गंगा स्नान के लिए निकले छह युवक रास्ते में हुए भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गए थे। सोमवार सुबह मुजफ्फरनगर में उनकी कार बिजली के खंभे से टकराने के बाद आग की चपेट में आ गई। हादसे में कार सवार सभी छह युवकों की जिंदा जलने से मौत हो गई। मंगलवार सुबह सभी छह युवकों का अंतिम संस्कार कर दिया गया। राखी गढ़ी गांव में चार युवकों की एक साथ चिताएं जलीं, जबकि मोठ करनैल गांव में दो दोस्तों का अंतिम संस्कार हुआ।

दो गांवों के छह दोस्त निकले थे हरिद्वार

जानकारी के अनुसार, राखी गढ़ी गांव के साहिल (20), अंकित (21), अंकित मलिक (21) और राहुल (21) तथा मोठ करनैल गांव के अमन (21) और अजय (21) आपस में गहरे दोस्त थे। रविवार को दिवाली की रात छहों दोस्त हुंडई ऑरा कार में सवार होकर सोमवती अमावस्या के अवसर पर हरिद्वार में गंगा स्नान करने के लिए निकले थे।

सोमवार सुबह करीब 5 बजे मुजफ्फरनगर में पानीपत-खटीमा नेशनल हाईवे पर जागाहेड़ी के पास उनकी कार अनियंत्रित होकर बिजली के खंभे से टकरा गई। टक्कर के बाद कार डिवाइडर पार करते हुए दूसरी लेन में पलट गई। इसके बाद कार में भीषण आग लग गई और अंदर बैठे छहों युवकों को बाहर निकलने का मौका नहीं मिल सका।

बुरी तरह जल गए शव, ब्रेसलेट और कलावे से हुई पहचान

हादसा इतना भयानक था कि कार के साथ युवकों के शव भी बुरी तरह जल गए। इसके चलते उनकी पहचान करना मुश्किल हो गया। पांच युवकों की पहचान हाथों में बचे ब्रेसलेट, कलावे और कपड़ों के टुकड़ों के आधार पर की गई। छठे शव की पहचान भी बाद में अंकित मलिक के रूप में की गई।

पुलिस ने कार की बची हुई नंबर प्लेट HR 66D 6390 के आधार पर वाहन मालिक प्रवीण तक संपर्क किया। पूछताछ में पता चला कि हिसार निवासी साहिल दो दिन पहले कार लेकर गया था। इसके बाद साहिल के परिवार से संपर्क किया गया, जहां पता चला कि वह अपने दोस्तों के साथ हरिद्वार गया हुआ था। परिवारों की मदद से बाकी युवकों की भी पहचान की गई।

दो सगे भाइयों की भी हादसे में मौत

इस हादसे में दो सगे भाई अंकित और राहुल भी अपनी जान गंवा बैठे। साहिल ड्राइविंग का काम करता था, जबकि अमन और अजय पढ़ाई कर रहे थे। अंकित भी पढ़ाई करता था। वहीं अंकित मलिक एसी-फ्रिज रिपेयरिंग और राहुल गैस बिल्डिंग में मिस्त्री का काम करता था।

दो गांवों में एक साथ जलीं छह चिताएं

सोमवार देर रात चार युवकों के शव राखी गढ़ी गांव पहुंचे, जबकि मोठ करनैल गांव के दो युवकों के शव वहां लाए गए। मंगलवार सुबह दोनों गांवों में अंतिम संस्कार किया गया। राखी गढ़ी में चार दोस्तों की चिताएं एक साथ जलीं, वहीं मोठ करनैल में दो युवकों का अंतिम संस्कार हुआ। छह दोस्तों की मौत से परिवारों में कोहराम मचा है और पूरे नारनौंद क्षेत्र में शोक की लहर है।

मुख्यमंत्री ने जताया दुख

हादसे पर हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी सहित कई नेताओं और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने दुख जताया है। मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की और शोकाकुल परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। शुरुआती आशंका है कि कार पलटने के दौरान निकली चिंगारी या शॉर्ट सर्किट से आग लगी होगी।

Exit mobile version