Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

मुख्यमंत्री उपहार योजना से प्राप्त धनराशि बाढ़ राहत कार्यों में की जाएगी खर्च ,दूसरे चरण में 101 उपहारों की होगी नीलामी,कोई भी नागरिक उपहार खरीदने के लिए ऑनलाइन पर 15 अगस्त, 2023 तक नीलामी में ल

हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल द्वारा समाज के कल्याण हेतु मुख्यमंत्री उपहार योजना के रूप में शुरू की गई अनूठी पहल को पहले चरण में मिली बड़ी सफलता के बाद अब इस योजना के दूसरे चरण की शुरुआत की गई है। मुख्यमंत्री के अतिरिक्त प्रधान सचिव एवं सूचना, लोक सम्पर्क, भाषा तथा संस्कृति विभाग के महानिदेशक डॉ. अमित अग्रवाल ने बताया कि दूसरे चरण में 101 उपहारों की नीलामी की जाएगी और इसके लिए ऑनलाइन पोर्टल https://cmuphaarhry.com/ पर 15 अगस्त, 2023 तक बोली लगाई जा सकती है। उन्होंने कहा कि कोई भी नागरिक ऑनलाइन पोर्टल पर पंजीकरण करके इन उपहारों की नीलामी में भाग ले सकता है। मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल द्वारा उपहारों से प्राप्त धनराशि को बाढ़ राहत कार्यों में खर्च करने का फैसला लिया गया है।

अमित अग्रवाल ने बताया कि मुख्यमंत्री उपहार पोर्टल पर हर उपहार के साथ उसकी बेस राशि अंकित की गई है। कोई भी व्यक्ति निर्धारित राशि से ऊपर बोली लगाकर अपने सामर्थ्य अनुसार धनराशि भी दे सकता है और उपहार खरीद सकता है। ऐसे बोली दाताओं को मुख्यमंत्री स्वयं अपने कर कमलों से उपहार को ससम्मान भेंट करेंगे। उन्होंने कहा कि यदि बोली दाता चाहे तो वह उपहार कोरियर से भी प्राप्त कर सकता है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की सोच है कि लोगों को समाज के कल्याणार्थ सहयोग करने में आगे आना चाहिए। उन्होंने लोगों से अपील की है कि वे इसमें बढ़ चढ़ कर भाग लें और सामर्थ्य अनुसार धनराशि देकर सामाजिक कार्यो में सहयोग कर सकते हैं।

उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल ने अपने विभिन्न कार्यक्रमों के दौरान सामाजिक संस्थाओं या व्यक्तियों द्वारा सम्मान स्वरूप भेंट किए गए उपहारों को नीलाम करने का निर्णय लिया है। इसके लिए एक पोर्टल बनाया हुआ है और इसके पहले चरण में 51 उपहारों की नीलामी की गई। इन उपहारों प्राप्त इस सहयोग राशि को मुख्यमंत्री राहत कोष में जमा किया गया था और इसे जनकल्याण के कार्यों पर खर्च किया गया।

Exit mobile version