चंडीगढ़। हरियाणा में शनिवार को 12वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस उत्साह और भव्यता के साथ मनाया गया। पंचकूला के सेक्टर-5 स्थित परेड ग्राउंड में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और स्वास्थ्य मंत्री आरती राव ने करीब 10 हजार लोगों के साथ सामूहिक योग किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने योग को बढ़ावा देने के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कीं।
गुरुग्राम में आयोजित योग दिवस कार्यक्रम में बॉलीवुड अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी ने शिरकत की। हालांकि उन्हें सुबह 6:45 बजे कार्यक्रम स्थल पर पहुंचना था, लेकिन वह निर्धारित समय से देरी से पहुंचीं। उनके इंतजार में बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। मंच पर पहुंचते ही साधकों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ उनका स्वागत किया। वहीं गुरुग्राम के एलान मॉल में अभिनेत्री एल्नाज नोरौजी ने भी योगाभ्यास किया।
करनाल में केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर कार्यक्रम में शामिल हुए, लेकिन उन्होंने योगाभ्यास नहीं किया और कुर्सी पर बैठकर कार्यक्रम का अवलोकन करते रहे। दूसरी ओर हिसार में पूर्व मंत्री अनूप धानक कठिन योग मुद्राओं को करने का प्रयास करते नजर आए।
नारनौल में बारिश के कारण कार्यक्रम स्थल बदलना पड़ा। पहले योग दिवस का आयोजन स्टेडियम के मैदान में होना था, लेकिन बारिश होने पर प्रतिभागियों को भवन के अंदर आयोजित कार्यक्रम में शामिल कराया गया।
मुख्यमंत्री की बड़ी घोषणाएं
योग दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने योग को शिक्षा और खेलों से जोड़ने की दिशा में कई अहम घोषणाएं कीं।
उन्होंने कहा कि वर्तमान शैक्षणिक सत्र 2026-27 में योग को कक्षा छठी के पाठ्यक्रम में शामिल किया जा चुका है। आगामी सत्र से कक्षा तीसरी से नौवीं तक सभी कक्षाओं में योग शिक्षा लागू की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने बताया कि हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग (HSSC) और हरियाणा लोक सेवा आयोग (HPSC) की परीक्षाओं में योग से संबंधित प्रश्न भी शामिल किए जाएंगे। साथ ही विद्यालयों में योग शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए पीटीआई, डीपीईडी, पीजीटी और चयनित पीआरटी शिक्षकों को विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा।
उन्होंने मोरनी में प्राकृतिक चिकित्सा एवं योग के लिए राज्य स्तरीय संस्थान स्थापित करने की घोषणा भी की। इसके अलावा राज्य के सभी उच्च शिक्षण संस्थानों के योग विभागों का नाम बदलकर ‘भारत एवं योग विभाग’ किया जाएगा।
सीएम ने कहा कि राज्य की खेल नीति में योगासन को खेल विधा के रूप में शामिल किया जाएगा। योग पाठ्यक्रम में आयुर्वेद से जुड़े कुछ विषयों को भी शामिल किया जाएगा। इसके अलावा स्वीकृत आयुष योग निरीक्षक और योग कोच के रिक्त पदों पर जल्द नियुक्तियां की जाएंगी।
टोहाना में कार्यक्रम के दौरान तकनीकी खामी
फतेहाबाद जिले के टोहाना में रेलवे रोड स्थित अनाज मंडी में जिला स्तरीय योग दिवस कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में नलवा से भाजपा विधायक रणधीर पनिहार मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे। इस दौरान एसडीएम आकाश शर्मा, डीएसपी जय भगवान सहित कई अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
हालांकि कार्यक्रम के दौरान कुछ तकनीकी अव्यवस्थाएं भी देखने को मिलीं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का लाइव संबोधन चलते समय अचानक बड़ी एलईडी स्क्रीन बंद हो गई। कुछ देर बाद तकनीकी टीम ने उसे दोबारा चालू किया। वहीं मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के संबोधन के दौरान वॉल्यूम बंद हो गया, जिसे भाषण समाप्त होने से ठीक पहले फिर शुरू किया गया।
इसके बावजूद पूरे प्रदेश में योग दिवस के कार्यक्रम उत्साहपूर्वक संपन्न हुए और लाखों लोगों ने योग कर स्वस्थ जीवन का संदेश दिया।
