Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

ऋषिकेश में उग्र भीड़ से घबराकर हरियाणवी युवक नहर में कूदा, हाथ जोड़कर बोला—‘मुझे मारना मत’; कार टक्कर के बाद बढ़ा विवाद

उत्तराखंड के ऋषिकेश घूमने गए हरियाणा के एक युवक की कार का सड़क पर दुर्घटना हो गई। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और युवक को घेर लिया गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कुछ लोगों ने कार की हरियाणा नंबर प्लेट का जिक्र किया, जिसके बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया।

स्थिति बिगड़ती देख युवक घबरा गया और पास से गुजर रही नहर में कूद गया। युवक के नहर में छलांग लगाने से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत ह्यूमन चेन बनाकर उसे सुरक्षित बाहर निकाला।

नहर से बाहर आने के बाद युवक हाथ जोड़कर लोगों से कहता नजर आया, “मुझे मारना मत।” घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि यह मामला दो दिन पुराना है और लक्ष्मण झूला थाना क्षेत्र के चीला मार्ग का है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

उल्लेखनीय है कि हाल के दिनों में उत्तराखंड में हरियाणा से आए कुछ पर्यटकों से जुड़े विवाद और मारपीट की घटनाएं भी सामने आई हैं।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और युवक से पूछताछ की। लक्ष्मण झूला पुलिस के अनुसार, युवक हादसे के बाद काफी डरा हुआ था। किसी पक्ष की ओर से शिकायत नहीं मिलने के कारण उसे छोड़ दिया गया। फिलहाल युवक की पहचान और वह हरियाणा के किस जिले का रहने वाला है, इसकी जानकारी सामने नहीं आई है।

Exit mobile version