रोहतक/महम। महम क्षेत्र में एक नाबालिग छात्रा ने एक युवक पर इंस्टाग्राम के जरिए दोस्ती करने के बाद नशीला पदार्थ पिलाकर दुष्कर्म करने, अश्लील वीडियो व फोटो बनाकर ब्लैकमेल करने और सोने के आभूषण मांगने के गंभीर आरोप लगाए हैं। छात्रा की शिकायत के आधार पर महम सदर थाना पुलिस ने आरोपी युवक वंश के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस को दी शिकायत में छात्रा ने बताया कि फरवरी 2026 में इंस्टाग्राम के माध्यम से उसकी वंश नामक युवक से दोस्ती हुई थी। आरोप है कि मार्च 2026 में युवक ने उसे रोहतक स्थित डी3 कैफे, डी-पार्क में बुलाया। छात्रा के अनुसार, वहां उसे कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर पिलाया गया। इसके बाद जब उसे होश आया तो वह कैफे के एक कमरे में थी।

छात्रा ने आरोप लगाया कि नशे की हालत का फायदा उठाकर आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया और उसकी अश्लील वीडियो व फोटो बना ली। इसके बाद आरोपी ने वीडियो वायरल करने और जान से मारने की धमकी देकर उसे ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। डर के कारण छात्रा ने शुरुआत में यह बात अपने परिजनों को नहीं बताई।

वीडियो वायरल करने की धमकी देकर बार-बार बुलाने का आरोप

शिकायत के अनुसार, आरोपी वीडियो दिखाकर छात्रा को कैफे और होटल में बुलाता रहा। छात्रा ने आरोप लगाया कि मार्च, अप्रैल और मई 2026 के दौरान उसे कैफे तथा दिल्ली बाइपास के पास स्थित एक होटल में ले जाकर कई बार दुष्कर्म किया गया।

छात्रा का आरोप है कि आरोपी ने अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी देते हुए उससे घर में रखे सोने के आभूषण लाने को कहा। डर के कारण उसने अपने घर से सोने के कड़े, चेन, लॉकेट, अंगूठियां, कानों की बालियां और अन्य आभूषण आरोपी को देने की बात कही है।

शिकायत में छात्रा ने आगे आरोप लगाया कि अगस्त 2026 में आरोपी ने दोबारा वीडियो वायरल करने की धमकी देकर परिवार के अन्य सदस्यों के सोने के आभूषण लाने के लिए दबाव बनाया। इसके बाद छात्रा ने अपनी ताई के घर से भी सोने के आभूषण लेकर आरोपी को देने की बात पुलिस को बताई।

पड़ोसी के घर से भी सोना चोरी करने का आरोप

छात्रा ने पुलिस को बताया कि सितंबर 2026 में आरोपी ने फिर से और सोना लाने का दबाव बनाया और वीडियो वायरल करने की धमकी दी। आरोप है कि इसी डर के चलते छात्रा ने पड़ोसी के घर से भी सोने के आभूषण चोरी कर आरोपी को देने की बात कही है।

छात्रा के अनुसार, लगातार ब्लैकमेलिंग और धमकियों के कारण वह मानसिक रूप से बेहद परेशान हो गई थी। उसने पुलिस को बताया कि उसे आत्महत्या करने तक के विचार आने लगे थे। आरोप है कि आरोपी अभी भी कॉलेज आते-जाते समय उसे परेशान कर रहा है और लगातार और सोना लाने के लिए दबाव बना रहा है।

परिजनों को बताई पूरी घटना, पुलिस से कार्रवाई की मांग

छात्रा ने बताया कि वह काफी समय तक डर के कारण अपने परिवार को घटना के बारे में नहीं बता सकी। बाद में आरोपी की लगातार धमकियों और ब्लैकमेलिंग से परेशान होकर उसने अपने परिजनों को पूरी घटना बताई।

छात्रा ने पुलिस से आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने, कथित तौर पर लिए गए सोने के आभूषण बरामद कराने तथा अश्लील वीडियो और फोटो को डिलीट करवाने की मांग की है।

पुलिस ने दर्ज किया मामला

महम सदर थाना प्रभारी सतपाल ने बताया कि छात्रा की शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। पुलिस द्वारा तथ्यों और आरोपों की जांच के बाद आगामी कार्रवाई की जाएगी तथा आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!