Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

हरियाणा के सरकारी स्कूलों में पढ़ाई जाएगी फ्रेंच भाषा:अगले शैक्षणिक सत्र तक शुरुआत की तैयारी, एक घंटे की ऑनलाइन परीक्षा देंगे शिक्षक

हरियाणा के सरकारी स्कूलों में अब फ्रेंच भाषा भी पढ़ाई जाएगी। अगले शैक्षणिक सत्र से फ्रेंच भाषा की पढ़ाई शुरू करवाने की प्लानिंग है। इसके लिए विद्यालय शिक्षा निदेशालय ने तैयारियां तेज कर दी हैं। वहीं अब फ्रेंच भाषा पढ़ाने वाले शिक्षकों का चयन किया जा रहा है। जिन शिक्षकों ने इच्छा जताई थी, उनकी अब ऑनलाइन परीक्षा आयोजित की जाएगी। जिसमें चयनित शिक्षक फ्रेंच भाषा की पढ़ाई करवाएंगे।

इसको लेकर माध्यमिक शिक्षा निदेशक कार्यालय हरियाणा के सहायक निदेशक (शैक्षणिक) ने गुरुग्राम SCRT डायरेक्टर, प्रदेशभर के सभी जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) और सभी डाइट प्रिंसिपल को पत्र जारी किया है। जिसमें निर्देश दिए हैं कि स्कूल शिक्षा विभाग फ्रांस के दूतावास और इंस्टीट्यूट फ्रेंच एन इंडी (IFI) के सहयोग से आगामी शैक्षणिक सत्र से चयनित सरकारी स्कूलों में फ्रेंच को विदेशी भाषा के रूप में शुरू कर रहा है।

चल रही शिक्षक चयन प्रक्रिया में इच्छुक उम्मीदवार जो राउंड-1 में भाग लेने में असमर्थ थे, उन्हें 28 जून तक एक लघु वीडियो और एक लिखित निबंध के रूप में अपनी रुचि की अभिव्यक्ति (ईओआई) प्रस्तुत करने का अवसर दिया था। इन प्रस्तुतियों के विस्तृत मूल्यांकन के आधार पर राउंड-2 के लिए पात्र शॉर्टलिस्ट किए गए हैं। उम्मीदवारों को अनुलग्नक-ए में सूचीबद्ध किया गया है। चयन प्रक्रिया के दौरान राउंड-2 में ऑनलाइन योग्यता मूल्यांकन किया जाएगा।

शिक्षकों का ऑनलाइन मूल्यांकन किया जाएगा। जिसके लिए 8 जुलाई को शाम 4 बजे जूम मीटिंग रखी है। जो करीब 1 घंटे तक चलेगी। जिसमें ऑब्जेक्टिव टाइप मूल्यांकन (बहु विकल्पीय प्रश्न) होंगे। जिसमें शैक्षणिक समझ, संचार कौशल, अंग्रेजी भाषा प्रवीणता, तार्किक तर्क और समस्या समाधान योग्यता के आधार पर मूल्यांकन किया जाएगा।

Exit mobile version