रोहतक में ट्रांसपोर्टर के साथ साइबर ठगी का मामला सामने आया है। आर्मी ऑफिसर बनकर गाड़ी लेकर जाने की बात कही। आरोपी ने कुछ 3 ट्रांजेक्शन में 50 हजार ठग लिए। मामले की शिकायत पुलिस को दी गई है।
सलारा मोहल्ला निवासी अमित सिक्का ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह ट्रांसपोर्ट का काम करता है। 4 जनवरी को उसके फोन पर एक कॉल आई। फोन करने वाले ने बातचीत की और इस दौरान उसने बेंगलुरु से कानपुर जाने का भाड़ा पूछा। साथ ही एक फोन नंबर दिया और कहा कि यह आर्मी के जवान का नंबर है। जिस पर बात करने के लिए कहा।
नंबर पर बातचीत के दौरान 95 हजार रुपए में भाड़ा तय हुआ और वे जाने के लिए राजी हो गए। फोन पर उसने खुद को आर्मी का ऑफिसर बताया। बातचीत के बाद कॉल करने वाले ने कहा कि वह स्कैनर भेज रहा है। वॉट्सऐप पर स्कैनर भेजकर पहले 10 रुपए खाते में डाल दिए। इसके बाद उसने कहा कि इस स्कैनर को स्कैन करे जिससे कि भाड़े का पैसा मिल जाएगा।
अमित ने आरोपी के कहे अनुसार स्कैन किया तो कुल 3 ट्रांजेक्शन में रुपए कटे। पहली ट्रांजेक्शन में 9 हजार, दूसरी में 20 हजार व तीसरी में 21 हजार रुपए खाते से कट गए। कुल मिलाकर उसके खाते से कुल 50 हजार रुपए की धोखाधड़ी की गई है। इसका पता लगने के बाद पीड़ित ने मामले की शिकायत पुलिस को दे दी। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत के आधार पर अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी।

