Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

रोहतक में व्यक्ति से 18 लाख की ठगी:पॉलिसी करवाने पर अच्छे लाभ का झांसा दिया, पैसे निकलवाने के नाम पर ऐंठे

रोहतक में साइबर ठगी का मामला सामने आया है। जहां एक व्यक्ति को पहले से बातों में उलझाकर बीमा पॉलिसी शुरू करवा दी। पैसे वापस निकलवाने के नाम पर 17 लाख 97 हजार 734 रुपए ऐंठ लिए। जिसकी शिकायत पुलिस को दी गई है।

गांव बलियाना निवासी धर्मबीर ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि साल 2019 में उसके पास एक व्यक्ति का फोन आया था। फोन पर उसने पॉलिसी करवाने पर अच्छा लाभ होने की बात कही। जिस पर धर्मबीर ने उसकी बातों पर विश्वास कर लिया और पॉलिसी करवाने के लिए राजी हो गया।

उसने कुल 5 लाख 75 हजार 585 रुपए की कुल 6 पॉलिसी करवाई। जिसमें से पहली 1 लाख 3 हजार 494 रुपए की, दूसरी 1 लाख 70 हजार की, तीसरी 97 हजार 846 रुपए की, चौथी 34 हजार 246 रुपए की, पांचवीं 74 हजार 306 रुपए की व छठी पॉलिसी 95 हजार 693 रुपए की करवाई थी। उन्होंने चेक व बैंक के माध्यम से पॉलिसी की राशि जमा करवाई।

धर्मबीर ने आरोप लगाया कि ज्ञान नहीं होने के कारण धोखे से ज्यादा पॉलिसी करवा दी। जिसके कारण लगातार किस्त अदा करने में असमर्थ रहा। इसके बाद मुंबई के एक व्यक्ति ने फोन पर संपर्क किया। जिसने कहा कि वह सारा पैसा निकलवा देगा। जिसके लिए उसने अपने कहे अनुसार, काम करवाए और गुमराह करके रुपए ऐंठ लिए।

करीब साढ़े 10 लाख रुपए अदा किए, लेकिन बाद में उसका फोन बंद आया। इसके दो-तीन महीने बाद एक फोन आया। जिसने खुद को मुंबई से बताया था। उन्होंने पैसे निकलवाने की बात कही। जिसके लिए उन्होंने राशि मांगी। इसलिए उसने 25 जुलाई 2022 को 20010 रुपए, 26 जुलाई को 29951 रुपए व 10 अगस्त को 1 लाख 96 हजार लिए गए।

उन्होंने बताया कि 29 अगस्त 2022 को 1 लाख 55 हजार, 2 सितंबर को 47800 रुपए, 23 सितंबर 1 लाख 70 हजार 115 रुपए, 1 अक्टूबर को 1 लाख 35 हजार रुपए जमा करवाए। अभी और भी पैसे मांग रहे थे। जिसकी शिकायत पुलिस को दी गई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी।

Exit mobile version