Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

रोहतक PGI में नौकरी के नाम पर फ्रॉड: मंत्रियों-अफसरों से सेटिंग बता GNM लगवाने का झांसा दे किराएदार दंपती ने मकान मालिक को ठगा

रोहतक में ठग दंपती ने रोहतक PGI में GNM पद पर नौकरी लगवाने का झांसा देकर डेढ़ लाख रुपए ऐंठ लिए। जब नौकरी नहीं लगी तो पीड़ित द्वारा पैसे वापस मांगने पर झूठे केस में फंसाने व जान से मारने तक की धमकी मिल रही है। पीड़ित ने मामले की शिकायत पुलिस को दी और उचित कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने दंपती के खिलाफ मामला करके जांच शुरू कर दी।

रोहतक के सुखपुरा चौक के नजदीक वार्ड नंबर 7 निवासी बलजीत ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि तीन लड़के हैं, जिनकी शादी हो चुकी है। तीनों बेटों को पढ़ाई करवाई, लेकिन सरकारी नौकरी नहीं लग पाई। जिसके कारण तीनों प्राइवेट काम करते हैं। वहीं वर्ष 2014-15 में गांव चांदी निवासी राजेश घर पर किराए पर रहने के लिए आया।

राजेश लकड़ी के दरवाजे का काम करता है और उसकी पत्नी पायल पतंजलि उत्पादक सेल की दुकान करती थी। जिनसे जान पहचान हो गई। 2021 में उसकी पुत्रवधू ने GNM कोर्स किया हुआ है और स्वास्थ्य विभाग में GNM पद पर नौकरी के लिए रोहतक PGI में फार्म भर दिया था।

इसका पता लगते ही राजेश व उसकी पत्नी घर आए, वे कहने लगे कि उनकी मंत्रियों की कोठियों में आना-जाना है। वहीं बड़े अधिकारियों से भी जान-पहचान है। उन्होंने कहा कि वे रोहतक PGI में उसकी पुत्रवधू को नौकरी लगवा देंगे। उन्होंने नौकरी लगवाने के लिए 5-6 लाख रुपए की मांग की। वहीं डेढ़ लाख रुपए पहले मांगे।

उनको 3 किश्तों में डेढ़ लाख रुपए दिए। 10 जुलाई 2021 को 50 हजार का चेक, 27 अक्टूबर 2022 को 50 हजार का चेक व 28 मार्च 2022 को 50 हजार का चेक दिया। वहीं अन्य रुपए नौकरी लगने के बाद में देने की बात कही। जिसके लिए बलजीत ने अपना प्लाट भी बिक्री के लिए लगा दिया, ताकि रुपए दिए जा सके।

बलजीत ने कहा कि जब GNM की लिस्ट लगी तो उसकी पुत्रवधू का नाम नहीं आया। जब आरोपियों से इस बारे में बातचीत की तो उनका कहना था कि अभी रिजर्व सीट है और पक्की बात है। चिंता मत करो। लेकिन आज तक उसकी पुत्रवधू नौकरी नहीं लगी। इसके लिए पीड़ित ने आरोपियों से अपने पैसे वापस मांगे।

जब उसने पैसे वापस मांगे तो आरोपियों ने इनकार कर दिया। ऊपर से जान से मारने की धमकी भी देने लगे। इसके साथ ही धमकी दी है कि झूठे आरोप लगाकार केस में फंसवा देंगे। पीड़ित ने इसकी शिकायत पुलिस को दे दी।

Exit mobile version