रोहतक स्थित पंडित भगवत दयाल शर्मा स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय अपना चतुर्थ दीक्षांत समारोह 12 नवंबर को मनाएगा। कुलपति डॉ. अनिता सक्सेना ने बताया कि हरियाणा के राज्यपाल एवं कुलाधिपति यूएचएस बंडारू दत्तात्रेय समारोह की अध्यक्षता करेंगे एवं डिग्री प्रदान करेंगे। समारोह में हरियाणा के स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान, आयुष मंत्री आरती सिंह राव उपस्थित रहेंगी।
कुलपति डॉ. अनीता सक्सेना ने बताया कि दीक्षांत समारोह एक औपचारिक समारोह होता है, जिसमें विश्वविद्यालय या शैक्षिक संस्थान अपने विद्यार्थियों को उनकी शैक्षिक उपलब्धियों के लिए डिग्री, प्रमाण पत्र और पुरस्कार प्रदान करता है। यह समारोह विद्यार्थियों के लिए एक महत्वपूर्ण यादगार अवसर होता है, जिसमें वे अपनी शैक्षिक यात्रा की समाप्ति का जश्न मनाते हैं और अपने भविष्य की शुरुआत करते हैं।
दीक्षांत समारोह का उद्देश्य विद्यार्थियों को उनकी शैक्षिक उपलब्धियों के लिए सम्मानित करना और उन्हें उनके भविष्य के लिए प्रेरित करना है। यह समारोह विद्यार्थियों के लिए एक अविस्मरणीय पल होता है, जिसमें वे अपने परिजनों, मित्रों और शिक्षकों के साथ अपनी उपलब्धियों का जश्न मनाते हैं।
कुलसचिव डॉ. एचके अग्रवाल ने बताया कि समारोह में अग्रणी विद्यार्थियों को पुरस्कार तथा डिग्री के द्वारा सम्मानित किया जाएगा। इसके लिए अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। डीन एकेडमिक अफेयर्स डॉ. ध्रुव चौधरी ने बताया कि विश्वविद्यालय के इस शैक्षणिक सत्र के दौरान सभी सम्बद्ध महा विद्यालयों के 5000 से अधिक विद्यार्थियों का नाम डिग्री वाले स्क्रोल पर लिखा जाएगा तथा विश्वविद्यालय के सभी घटक महा विद्यालयों (पीजीआईएमएस, पीजीआईडीएस, नर्सिंग, फार्मेसी, फीजियोथेरैपी, एसआईएमएच) के विद्यार्थियों को 12 नवंबर को निर्धारित ऑडिटोरियम में व्यक्तिगत रूप से डिग्री प्राप्त करने के लिए आमंत्रित किया गया है।
परीक्षा नियंत्रक डॉ. अमरीश भागोल ने बताया कि दीक्षांत समारोह से संबंधित संपूर्ण जानकारी विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर डाल दी गई है और डिग्री लेने वाले सभी विद्यार्थियों को वहां पर 4 नवंबर तक रजिस्ट्रेशन करवाना अनिवार्य है। उसके बिना डिग्री प्रदान नहीं की जाएगी। दीक्षांत समारोह के दौरान विश्वविद्यालय के अंतर्गत आने वाले प्रदेश के सभी मेडिकल, डेंटल, नर्सिंग, फार्मेसी, फीजियोथेरैपी के यूजी, पीजी और पीएचडी के करीब 580 विद्यार्थियों को मंच पर डिग्री प्रदान की जाएगी। इसके साथ ही 17 ग्रेजुएट छात्रों को और 20 पोस्ट ग्रेजुएट छात्रों को मेडल प्रदान किए जाएंगे।
