Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

हरियाणा के 4 युवकों ने शिमला में HRTC के ड्राइवर को पीटा…ओवर टेक करने से नाराज थे युवक

शिमला के कच्चीघाटी इलाके में रविवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब बीच सड़क हिमाचल रोड ट्रांसपोर्ट कॉर्पोरेशन (HRTC) की वॉल्वो बस के ड्राइवर के साथ मारपीट की गई। आरोप है कि हरियाणा नंबर की स्कॉर्पियो में सवार युवकों ने ओवरटेक करने के विवाद में बस को रोककर चालक को पीट दिया।

जानकारी के अनुसार दिल्ली से शिमला आ रही HRTC वॉल्वो बस ने रास्ते में हरियाणा नंबर की एक स्कॉर्पियो को ओवरटेक किया था। इसी बात से नाराज स्कॉर्पियो सवार युवकों ने बस का पीछा करना शुरू कर दिया। जैसे ही बस कच्चीघाटी पहुंची, आरोपियों ने अपनी गाड़ी बस के आगे लगाकर उसे रुकवा लिया और ड्राइवर के साथ बीच सड़क मारपीट शुरू कर दी।

अचानक हुई इस घटना से बस में बैठे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही बालूगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और तुरंत कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पंकज और विकास कुमार निवासी अभयपुर, पंचकूला के रूप में हुई है।

वहीं घटना के बाद फरार हुए दो अन्य आरोपियों को ठियोग पुलिस ने पकड़कर बालूगंज थाना पुलिस के हवाले कर दिया। उनकी पहचान प्रतिभा और विक्की कुमार के रूप में हुई है।

घटना के विरोध में HRTC कर्मचारियों में भारी रोष देखने को मिला। ड्राइवरों और कंडक्टरों ने पुराने बस अड्डे पर प्रदर्शन करते हुए आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। कर्मचारियों ने गिरफ्तारी तक बसों का संचालन भी रोक दिया था। हालांकि पुलिस द्वारा चारों आरोपियों की गिरफ्तारी की पुष्टि के बाद बस सेवाएं दोबारा शुरू कर दी गईं।

Exit mobile version