रोहतक में साइकिल पर दवाई लेकर लौट रहे एक अधेड़ से चार बदमाशों ने जमकर मारपीट कर 12 हजार रुपये लूट लिए। मारपीट में अधेड़ गंभीर रूप से घायल हो गये। अधेड़ को उनके परिजनों ने अस्पताल में भर्ती कराया है। जानकारी के लिए आपको बता दें कि अधेड़ के बाएं पैर में फ्रैक्चर हो गया है। पीड़ित की शिकायत के बाद शिवाजी कॉलोनी पुलिस ने बदमाशों पर केस दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
रोहतक के गांव सुनारिया कला निवासी बिजेंद्र (48) ने बताया है कि बुधवार देर रात वह गऊकरण में डॉक्टर से परामर्श लेने गए थे। वहां भीड़ अधिक होने पर उनका नंबर देर शाम को आया। वहां से जब वो दवाई लेकर साईकिल पर गांव के लिए लौट रहे थे तो रास्ते में भिवानी चुंगी के पास नामदेव चौक के पास चार मुंह पर कपड़ा लपेटे बदमाश खड़े थे। जिन्होंने साइकिल को धक्का देकर गिरा दिया इतने में दो बदमाश और आ गए और सभी ने अधेड़ को डंडों से मारना शुरू कर दिया। साथ ही उनकी जेब से 12100 रुपये व दूसरी जेब से 250 रूपए और मोबाइल फोन निकाल लिया। वहीं साइकिल के हैंडल पर लटकी दवाई व पर्चा की थैली भी ले कुछ दूर खड़ी अपनी दो बाइकों पर बैठकर फरार हो गए।
मामले में थाना पुलिस का कहना है कि बदमाशों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। वह किस ओर गए हैं, इसका पता लगाया जा रहा है।
