पानीपत में एक महिला का अपहरण और गैंगरेप के मामले में सदर थाना पुलिस ने मंगलवार को चारों यूट्यूबर को कोर्ट में पेश किया था, यहां से कोर्ट ने आरोपी महिला यूट्यूबर सहित 4 लोगों को जेल भेज दिया है। थाना सदर पुलिस ने बताया कि सोमवार को सिठाना गांव के अड्डे के पास से एक वारदात को अंजाम देने वाले 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया था। आरोपियों की पहचान भालसी निवासी अमनदीप उर्फ अमन, करनाल के डाचर निवासी अश्वनी, झज्जर कासनी निवासी मोनू और महिला यूट्यूबर की हुई थी।
थाना सदर प्रभारी के मुताबिक चारों आरोपियों ने मिलकर वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की है। पुलिस ने इनके कब्जे से इस घटना में प्रयोग की गई कार और मोबाइल बरामद किए हैं। सभी आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
पानीपत के एक कॉलोनी निवासी पीड़िता ने पुलिस को शिकायत में बताया था कि तीन दिन पहले वह रिफाइनरी रोड के जंगल में लकड़ी लेने आई थी। इसी दौरान एक महिला यूट्यूबर पत्रकार गाड़ी में तीन लड़के अमन, अश्वनी और संदीप को लेकर आई। यूट्यूबर पत्रकार ने पीड़िता को धमकाया। इसके बाद तीनों युवकों ने उसे जबरदस्ती गाड़ी में डाला और जंगल में ले गए। वहां मारपीट के बाद तीनों लड़कों ने उसके साथ गैंगरेप किया।
यूट्यूबर पत्रकार ने पीड़िता को धमकी दी कि उन्होंने उसकी वीडियो बना ली है और अगर उसने किसी को बताया तो वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करके उसे बदनाम कर देगे। तीनों लड़कों ने भी जान से मारने की धमकी दी। तभी जंगल में कुछ अन्य महिलाएं लकड़ी लेने आ गईं, जिन्हें देखकर आरोपी गाड़ी में सवार होकर फरार हो गए। थाना सदर ने मामले में अभियोग दर्ज किया गया था।
