Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

गुरुग्राम में लावारिस बुलेरो से मिली डेडबॉडी:कई दिन से खड़ी थी गाड़ी, मृतक जींद के नरवाना का रहने वाला

गुरुग्राम में रेवाड़ी रोड पर लावारिस हालत में खड़ी एक बुलेरो गाड़ी से संदिग्ध हालत में डेडबॉडी मिली है। बुलेरो गाड़ी कई दिन से सड़क किनारे खड़ी थी, जिसके बाद वहां से गुजरने वाले राहगीरों को कुछ शक हुआ। जब लोगों ने कार के पास जाकर अंदर झांका, तो सीट पर एक व्यक्ति बेसुध पड़ा हुआ मिला।

राहगीरों ने इसकी सूचना पुलिस कंट्रोल रूम में दी। सूचना मिलने पर पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और गाड़ी का दरवाजा खोला तो अंदर शव मिला। पुलिस ने डेडबॉडी को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए मोर्चरी भिजवाया।

मृतक की पहचान जींद जिले के नरवाना के रहने वाले संजय के रूप में हुई है। वह एक निजी कंपनी में बतौर ड्राइवर की जॉब करता था। पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच के आधार पर पता चला है कि व्यक्ति गाड़ी के अंदर ही सो गया होगा और कार पूरी तरह बंद होने के कारण दम घुटने से उसकी जान चली गई। वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही होगा।

इस बारे में पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि पुलिस सभी एंगल को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। फिलहाल उसके परिजनों को सूचना दे दी गई है। परिजनों के आने के बाद शव का पोस्टमॉर्टम करवाया जाएगा। मृतक के शरीर पर चोट या अन्य किसी तरह के निशान नहीं है। सीसीटीवी भी खंगाले जा रहे हैं।

Exit mobile version