Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

पूर्व खेल मंत्री संदीप सिंह की बढ़ी मुश्किलें: यौन उत्पीड़न का आरोप लगाने वाली महिला कोच हरियाणा कांग्रेस में शामिल; संदीप सिंह वाली सीट से मांगा टिकट

हरियाणा के पूर्व खेल मंत्री और भाजपा विधायक संदीप सिंह पर यौन उत्पीड़न के आरोप लगाने वाली महिला जूनियर कोच ने मंगलवार को चंडीगढ़ में कांग्रेस जॉइन कर ली। जॉइनिंग के तुरंत बाद कांग्रेस की महिला प्रदेश अध्यक्ष सुधा भारद्वाज ने महिला कोच को महिला कांग्रेस की प्रदेश सचिव नियुक्त कर दिया। अब महिला कोच ने पिहोवा विधानसभा सीट से कांग्रेस के टिकट के लिए आवेदन किया है। अगर भाजपा ने संदीप सिंह का टिकट न काटा और कांग्रेस ने महिला कोच को उम्मीदवार बनाया तो पिहोवा में दोनों आमने-सामने होंगे।

महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष सुधा भारद्वाज के साथ महिला जूनियर कोच।

2 साल पहले हरियाणा खेल विभाग की जूनियर महिला कोच ने संदीप सिंह पर पर छेड़छाड़ के आरोप लगाए थे। महिला कोच की शिकायत पर चंडीगढ़ की सेक्टर-26 थाना पुलिस ने 31 दिसंबर 2022 को संदीप सिंह के खिलाफ IPC की धारा 354, 354-ए, 354-B, 342, 506 और 509 के तहत केस दर्ज किया था। हाल ही में चंडीगढ़ कोर्ट ने कोच के आरोपों को लेकर संदीप सिंह के खिलाफ आरोप तय किए हैं। इस मामले की अगली सुनवाई 17 अगस्त को होगी। इसी दिन गवाहों के बयान दर्ज किए जाएंगे।

केंद्रीय मंत्री और हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्‌टर के कार्यकाल में खेल मंत्री रह चुके संदीप सिंह से भाजपा पहले ही किनारा कर चुकी है। जूनियर महिला कोच सेक्शुअल हैरेसमेंट केस में उनके खिलाफ आरोप तय होने के बाद भाजपा नेतृत्व ने ऐसा किया है। संदीप सिंह अभी पिहोवा विधानसभा से विधायक हैं, उन्होंने पहली बार भाजपा की टिकट से यहां से जीत दर्ज की थी।

हालांकि जब उन पर कोच द्वारा आरोप लगाए गए थे। तब पूर्व सीएम मनोहर लाल खट्‌टर ने उनका बचाव किया थाI विपक्षी दलों के विरोध-प्रदर्शन के बाद भी उनसे इस्तीफा नहीं लिया था। हालांकि बाद में उन्होंने खेल विभाग अपने पास रख लिया था, लेकिन मंत्री पद पर संदीप सिंह बने रहे थे।

पूर्व सीएम मनोहर लाल खट्‌टर के हटने के बाद जब नायब सैनी मुख्यमंत्री बने तो उन्होंने संदीप सिंह को अपने मंत्रिमंडल में जगह नहीं दी। इससे पहले हरियाणा भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष रह चुके ओपी धनखड़ ने भी संगठन की बैठकों में संदीप सिंह के शामिल होने पर रोक लगा दी थी। अभी भी संदीप सिंह भाजपा में अलग-थलग पड़े हुए हैं। वह पार्टी के कार्यक्रमों में दिखाई नहीं दे रहे हैं, हालांकि वह अपने विधानसभा क्षेत्र पिहोवा में लोगों के बीच जाकर यह संदेश दे रहे हैं कि विधानसभा चुनाव में भाजपा उन्हें ही उम्मीदवार बनाएगी।

Exit mobile version