हरियाणवी गायक मासूम शर्मा और जींद के मुआना गांव के पूर्व सरपंच राजेंद्र शर्मा के बीच शुरू हुआ स्टेज विवाद अब और तूल पकड़ता जा रहा है। सरपंच पक्ष ने दो दिन का अल्टीमेटम देते हुए कहा है कि मासूम शर्मा सीधे तौर पर माफी मांगें।
पूर्व सरपंच राजेंद्र शर्मा ने कहा कि “मासूम ने माफी की जलेबी सी उतार दी, अब सीधी और स्पष्ट माफी मांगे। एसोसिएशन के पांच सदस्यों के सामने आकर माफी मांग ले। माफी मांगने वाला छोटा नहीं होता, माफ करने वाला बड़ा होता है।”
परिवार बनाम पंचायत का आरोप
मासूम शर्मा के बहनोई धरमू ने आरोप लगाया कि पूर्व सरपंच ने पहले से योजना बनाकर बेइज्जती करवाई और अब मामले को पंचायत में ले जाकर भाईचारा खराब किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि स्टेज विवाद के अगले ही दिन वह और मासूम का बड़ा भाई पूर्व सरपंच के पास गए थे और माफी भी मांग ली थी, जिसकी वीडियो भी बनाई गई थी।
धरमू ने कहा कि पहले कहा गया कि सम्मान के साथ स्टेज से नीचे उतारा गया, अब बेइज्जती का आरोप लगाया जा रहा है।
कलाकारों की एंट्री
विवाद में हरियाणवी कलाकार मंजीत पांचाल का भी बयान सामने आया है। उन्होंने कहा कि इस मामले में राहुल पुट्ठी द्वारा गाना निकालना गलत है। “हम सब कलाकार आपस में भाई हैं। इस पर रोटी सेकना ठीक नहीं। मासूम मेरा भाई है, मैं उसकी तरफ से माफी मांगता हूं।”
उन्होंने यह भी कहा कि स्टेज पर बोले गए शब्द शायद आवेश में निकल गए, जो शोभा नहीं देते, क्योंकि सरपंच गांव का सम्मानित मुखिया होता है।
वहीं हरियाणवी कलाकार एवं मुख्यमंत्री के ओएसडी गजेंद्र फोगाट ने कहा कि उनके संस्कार गाली देने की इजाजत नहीं देते। “गांव राम होता है और सरपंच सम्मानित व्यक्ति होता है। अहंकार या संस्कार, यह व्यक्ति पर निर्भर करता है।”
18 फरवरी को शुरू हुआ था विवाद
यह पूरा मामला 18 फरवरी को जींद में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान शुरू हुआ था। मासूम शर्मा अपनी बहन कविता और बहनोई धर्मवीर आर्य की 25वीं विवाह वर्षगांठ पर आयोजित शो में परफॉर्म कर रहे थे। भीड़ बढ़ने पर उन्होंने मंच से कहा था कि “मेरे प्रोग्राम में कोई सरपंच, विधायक या मंत्री हो, मैं किसी को नहीं मानता।”
इस बयान का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसके बाद सरपंचों ने विरोध जताया। पूर्व सरपंच राजेंद्र शर्मा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मासूम को पंचायत चुनाव लड़ने की चुनौती भी दी।
अब जींद में सरपंचों की पंचायत ने तीन दिन का अल्टीमेटम दिया है। यदि तय समय में माफी नहीं मांगी गई तो आगे की रणनीति तय की जाएगी। विवाद के कारण प्रदेश में कलाकारों और सरपंचों के बीच बहस छिड़ गई है।

