हरियाणा के पूर्व सीएम और कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने एक बार फिर चुनाव आयोग पर सवाल उठाए हैं। रोहतक में मंगलवार को हुड्‌डा ने कहा कि देश में चुनाव आयोग पारदर्शी तरीके से काम नहीं कर रहा। तमाम विपक्षी दल ईवीएम की बजाय बैलेट पेपर से वोटिंग करवाने की मांग कर रहे हैं, लेकिन चुनाव आयोग उस पर ध्यान नहीं दे रहा।

हुड्‌डा ने कहा कि हरियाणा विधानसभा चुनाव में भी बैलेट पेपर की गिनती तक कांग्रेस जीत रही थी, लेकिन उसके बाद ईवीएम में पार्टी पिछड़ गई। इसी वजह से ईवीएम पर सवाल उठ रहे हैं।

हुड्डा ने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार केवल कर्ज बढ़ाती जा रही है। भाजपा सरकार को बताना चाहिए कि पिछले 11 साल में वह हरियाणा में कौन सा नया संस्थान लेकर आई? इस सरकार ने काम कुछ करवाया नहीं, केवल कर्ज बढ़ाया है। इस सरकार की एक ही नीति है और वो ये कि कर्ज लो और घी पीओ।

भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि हरियाणा में विपक्ष का नेता जल्द बन जाएगा। मेरे से यह सवाल कर रहे है, क्या कारण है कि भाजपा का राष्ट्रीय अध्यक्ष अब तक नहीं बना, दो साल हो गए हैं। कांग्रेस का संगठन भी जल्द बन जाएगा। कभी दूसरों से भी पूछ लिया करो।

भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि प्रदेश में कानून नाम की कोई चीज नहीं है। आए दिन मर्डर, डकैती, लूट जैसी घटनाएं हो रही है, लेकिन सरकार का इस तरफ कोई ध्यान नहीं है। अपराधी खुलेआम मर्डर कर रहे है, लेकिन उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हो रही। अपराधियों के हौंसले काफी बढ़े हुए है।

भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि भाजपा पूरी तरह से घोटालों की सरकार है। पराली घोटाला, शराब घोटाला और पेपर लीक घोटाला हुआ, लेकिन उनमें जांच के लिए कमेटी तो बनी, पर जांच रिपोर्ट नहीं आई। आज तक किसी भी घोटाले की जांच रिपोर्ट नहीं आई, क्योंकि जांच होती ही नहीं।

भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि जलभराव की समस्या इसलिए पैदा हो रही है क्योंकि समय पर ड्रेनों की सफाई नहीं होती। शहर में सीवरों की सफाई नहीं होती। कांग्रेस सरकार में कभी जलभराव की समस्या नहीं हुई। आज हालात इतने खराब है कि पंप सेट भी काम नहीं कर रहे। इसके लिए सरकार पूरी तरह से जिम्मेदार है।

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!