हरियाणा में बहादुरगढ़ में एसीपी ट्रैफिक दिनेश कुमार का एक वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया। इंटरनेशनल बॉक्सर रहे दिनेश इस वीडियो में अर्थ मूविंग मशीन से सड़क किनारे बैठे रेहड़ी-फड़ी वालों को खदेड़ते और सब्जी-खिलौनों की दुकानों को ध्वस्त कराते नजर आए। यह कार्रवाई बहादुरगढ़ के पटेल नगर में 200 फुटा रोड पर की गई।
एसीपी दिनेश ने इस पूरी कार्रवाई का वीडियो खुद अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर अपलोड किया। हालांकि, जब इस पर सवाल उठने लगे तो उन्होंने इसे अपने अकाउंट से डिलीट कर दिया। हालांकि डिलीट किए जाने से पहले इस वीडियो को 56 लाख बार देखा गया। 6 हजार से ज्यादा बार इसे शेयर भी किया गया।
इतना ही नहीं, मामला बढ़ने पर झज्जर के डीसीपी मयंक मिश्रा तक को सफाई देनी पड़ गई। उन्होंने कहा कि पुलिस का इरादा सही था, लेकिन तरीका गलत हो गया। एसीपी दिनेश को भविष्य में सतर्क रहने के लिए कहा गया है। इस मुद्दे पर हरियाणा के डीजीपी ओपी सिंह ने भी डीसीपी मयंक मिश्रा और एसीपी दिनेश से बात की।
एसीपी की वीडियो वायरल होने और कांग्रेस समेत अन्य विपक्षी दलों द्वारा इसे मुद्दा बनाने के बाद बहादुरगढ़ के डीसीपी मयंक मिश्रा ने वीडियो जारी कर सफाई दी। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर चल रहे वीडियो की जांच कराई गई। यह पटेल नगर की है।
डीसीपी ने कहा- चौड़ी-चौड़ी सड़कों पर काफी अतिक्रमण हो रहा था। रोड पर जाम की शिकायतों पर पुलिस कार्रवाई करने गई थी। सही इरादा होने के बावजूद जो तरीका अपनाया गया, वह काफी गलत था। एसीपी को भविष्य में सतर्क रहने को कहा गया है। बहादुरगढ़ व झज्जर पुलिस पूरी तरह से संवेदनशील है।
वायरल वीडियो को लेकर पटेल नगर के लोगों ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी। देर शाम को काफी संख्या में लोग एसीपी के कहने पर इकट्ठा हुए। इनमें विनय दलाल ने कहा कि काफी समय से पटेल नगर रोड पर अतिक्रमण था। कई बार शिकायत दी थी। अब एसीपी ने कार्रवाई की है। मेडिकल इमरजेंसी में भी परेशानी होती थी। रेहड़ी-पटरी वालों की समस्या का स्थायी समाधान किया जाए।
पटेल नगर के एक अस्पताल के डॉक्टर ने बताया कि कई बार मरीज आते हैं। एम्बुलेंस को पहुंचने का भी रास्ता नहीं रहता। पटरी वाले सड़क तक आ जाते हैं। जाम लगा रहता है। लोगों में से एक ने बताया कि जाम की वजह से मात्र पांच-छह फीट चौड़ा रोड ही रह जाता है। यहां काफी संख्या में मीट की दुकानें भी हैं। हम मांग करते हैं इन्हें भी हटाया जाए। हमने कई बार शिकायत दी है। मगर समाधान नहीं होता है।
वीडियो वायरल होने और राजनीतिक मुद्दा बनता देख एसीपी दिनेश कुमार ने खुद वीडियो को अपनी फेसबुक वॉल से हटा दिया। उनकी वॉल पर इस वीडियो के 56 लाख से अधिक व्यूज आ गए थे। अब पुलिस विभाग अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से भी इसे हटवाने में जुटा है।
इस वीडियो पर ACP दिनेश का कहना है कि पिछले 6 महीनों से दुकानदारों को समझाया गया और सेक्टर 2-6 मोड़ के पास जमीन मुहैया कराई गई। इसके बावजूद दुकानदार मानने को तैयार नहीं थे। शुक्र बाजार फिर सड़क पर सजा तो यह कार्रवाई की गई।
