Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

रोहतक में मिठाई-पनीर की दुकानों पर खाद्य सुरक्षा विभाग की छापेमारी: 20 सैंपल लिए, 2 दुकानों को नोटिस; अब तक 83 नमूने जांच के लिए भेजे

रोहतक। त्योहारों के सीजन में मिलावटखोरी पर रोक लगाने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने मंगलवार को रोहतक में मिठाई और पनीर की दुकानों पर छापेमारी की। विभाग की टीम ने शीला बाईपास और भिवानी चौक सहित विभिन्न स्थानों पर जांच अभियान चलाया। इस दौरान अलग-अलग दुकानों से मिठाई और पनीर के कुल 20 सैंपल लिए गए। वहीं, दो दुकानों को नियमों के उल्लंघन के चलते नोटिस जारी किए गए।

मिठाई और पनीर के नमूने जांच के लिए भेजे

छापेमारी के दौरान टीम ने विभिन्न मिठाई भंडारों से पनीर, बेसन के लड्डू, खोवा के लड्डू सहित अन्य मिठाइयों के नमूने लिए। सभी सैंपलों को सील कर जांच के लिए चंडीगढ़ स्थित लैब भेजा गया है। विभाग को उम्मीद है कि दिवाली से पहले इन नमूनों की जांच रिपोर्ट मिल जाएगी। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

दो दुकानों को नोटिस जारी

जांच के दौरान दो दुकानों पर नियमों के उल्लंघन का मामला सामने आने पर उन्हें नोटिस जारी किए गए। विभाग का कहना है कि त्योहारों के दौरान मिठाई, पनीर और अन्य खाद्य पदार्थों की मांग बढ़ जाती है। ऐसे में कुछ दुकानदारों द्वारा खाद्य पदार्थों में मिलावट किए जाने की आशंका रहती है।

अब तक 83 सैंपल जांच के लिए भेजे

खाद्य सुरक्षा विभाग अब तक रोहतक और आसपास के अलग-अलग इलाकों से कुल 83 सैंपल लेकर जांच के लिए लैब भेज चुका है। जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी लक्ष्मी नरवाल ने स्पष्ट किया कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता से किसी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि दिवाली तक मिलावटखोरी के खिलाफ छापेमारी अभियान लगातार जारी रहेगा। जांच रिपोर्ट में खामियां मिलने पर संबंधित दुकानदारों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Exit mobile version