Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

गुरुग्राम-पानीपत समेत हरियाणा के 8 जिलों में आज धुंध:हिसार-भिवानी सहित 7 जिलों में शीतलहर, रोहतक में दिन सबसे ठंडे; कल से बादल छाएंगे

हरियाणा के 8 जिलों में आज धुंध छाई रहेगी। मौसम विभाग ने कैथल, करनाल, पानीपत, सोनीपत, गुरुग्राम, फरीदाबाद, पलवल और नूंह (मेवात) में धुंध का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने 7 जिलों में शीतलहर चलने का अनुमान जताया है। इनमें सिरसा, हिसार, भिवानी, जींद, कैथल, कुरुक्षेत्र और करनाल शामिल हैं।

मौसम विभाग के मुताबिक उत्तरी व उत्तर-पश्चिमी ठंडी हवाएं हल्की गति से मैदानी इलाकों की ओर बह रही है। इसी वजह से प्रदेश में ठिठुरन बढ़ रही है। एक तरफ यमुना नदी से सटे हरियाणा के शहरों में गहरी धुंध होगी। वहीं राजस्थान से सटे इलाकों में शीतलहर से तापमान में और गिरावट दर्ज की जाएगी। ऐसे में आने वाले दिनों में अभी शीतलहर और धुंध से राहत नहीं मिलेगी।

फिलहाल रोहतक प्रदेश में लगातार ठंडा शहर बना हुआ है। रोहतक में गुरुवार को दिन का तापमान 18.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से 3.5 डिग्री कम रहा।

चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार के कृषि मौसम विभाग के अध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ का कहना है कि हरियाणा राज्य में 22 दिसंबर तक मौसम आमतौर पर खुश्क रहेगा। इस दौरान उत्तरी व उत्तर-पश्चिमी ठंडी हवाएं हल्की गति से चलने की संभावना है।

इससे दिन और रात के तापमान में गिरावट आ सकती है। इस दौरान राज्य के कुछ एक क्षेत्रों में अलसुबह हल्की धुंध रहने की भी संभावना है। परंतु एक पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव से 21 व 22 दिसंबर को राज्य में आंशिक बादल छाए रहेंगे।

Exit mobile version