Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

हरियाणा के 4 जिलों में धुंध, 11 में ऑरेंज अलर्ट:आज से ठंड का ट्रिपल अटैक, घना कोहरा, शीतलहर और कोल्ड डे की संभावना

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने हरियाणा के 11 जिलों के लिए ठंड का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इनमें सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, जींद, रोहतक, भिवानी, नारनौल, महेंद्रगढ़, चरखी दादरी, झज्जर, रेवाड़ी और गुरुग्राम शामिल हैं। रविवार सुबह जींद, हिसार, चरखी दादरी और महेंद्रगढ़ में धुंध छाई हुई है।

मौसम विभाग का मानना है कि राज्य में आज से ठंड की थर्ड डिग्री यानी ट्रिपल अटैक शुरू होगा। घने कोहरे के साथ कोल्ड वेव और कोल्ड डे की स्थिति रहेगी।

इसके अलावा कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल, अंबाला, यमुनानगर, चंडीगढ़, पानीपत, सोनीपत, फरीदाबाद, मेवात और पलवल के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। यहां कोहरे और कोल्ड वेव का असर रहेगा। 2 जनवरी तक मौसम खुश्क बने रहने की संभावना है।

नारनौल राजकीय यूनिवर्सिटी के पर्यावरण क्लब के नोडल अधिकारी डॉ. चंद्र मोहन ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के कारण उत्तरी पर्वतीय राज्यों में भारी बर्फबारी और हरियाणा और दिल्ली NCR के क्षेत्रों में बारिश और ओलावृष्टि हुई है। जिसकी वजह से हाड़ कंपा देने वाली ठंड ने अपना प्रचंड रूप ले लिया है।

29 दिसंबर से हवा की दिशा बदलेगी और उत्तरी इलाके में ठंड पूरा जोर दिखाएगी। इससे तापमान में और गिरावट आएगी, जिससे 2025 की शुरुआत में ठंड का ट्रिपल अटैक होगा।

डॉ. चंद्र मोहन के मुताबिक हरियाणा और दिल्ली में अधिकतर स्थानों पर दिन और रात का तापमान सामान्य से नीचे है। पिछले दिनों हुई बारिश के बाद वातावरण में नमी की मात्रा में बढ़ोतरी हुई है। जिसकी वजह से घना कोहरा छाएगा। दिन का तापमान सामान्य से नीचे रहने पर कोल्ड डे की स्थिति बनी रहेगी।

Exit mobile version