Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

हरियाणा के 5 जिलों में धुंध, शीतलहर चल रही:7 जिलों में अलर्ट, अंबाला-पानीपत सबसे ठंडे

हरियाणा के 5 जिलों में बुधवार सुबह से धुंध छाई है। इन जिलों में पलवल, सोनीपत, पानीपत, करनाल और पंचकूला शामिल हैं। अधिकतर जिलों में शीतलहर चल रही है।

मौसम विभाग ने ठंड के डबल अटैक का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के मुताबिक 7 जिलों में घने कोहरे के साथ कोल्ड वेव चलेगी। इनमें कुरुक्षेत्र, अंबाला, कैथल, करनाल, जींद, पानीपत और सोनीपत शामिल हैं।

मंगलवार को राज्य के ज्यादातर जिलों में दिन का तापमान 15 डिग्री से कम रिकॉर्ड किया गया। अंबाला और पानीपत में दिन सबसे ठंडे रहे। अंबाला का अधिकतम तापमान 13.3 और पानीपत का 14.1 डिग्री दर्ज किया गया।

मौसम विभाग के मुताबिक हरियाणा में अभी ठंड से राहत मिलने के कोई आसार नहीं हैं। आने वाले दिनों में धुंध रहेगी। पहाड़ी हवाओं और धुंध के कारण आने वाले दिनों में भी तापमान में लगातार गिरावट देखने को मिलेगी।

उधर, हिमाचल के ऊंचे क्षेत्रों में 11 जनवरी से बर्फबारी के आसार हैं। मंगलवार को लाहौल स्पीति में रुक-रुक कर बारिश हुई। मैदानी क्षेत्र कोहरे की चपेट में है। ऊना, बिलासपुर और मंडी में एक दिन पहले विजिबिलिटी 50 मीटर से कम रही।

प्रदेश में रात का तापमान बढ़ने से न्यूनतम तापमान में 0.9 डिग्री बढ़ोतरी हुई है। महेंद्रगढ़ जिले के नारनौल की रातें सबसे ठंडी रहीं। यहां का पारा 7.5 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। वहीं दूसरे नंबर पर फरीदाबाद और हिसार में रात को तापमान सबसे कम रहा। यहां का न्यूनतम तापमान 8.2 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। इनके अलावा रोहतक, भिवानी, सिरसा, गुरुग्राम और सोनीपत जिले में तापमान 10 डिग्री से अधिक रहा।

हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय (HAU) के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ ने बताया कि राज्य में 10 जनवरी तक मौसम खुश्क रहने के आसार हैं। इस दौरान उत्तरी व उत्तर-पश्चिमी हवाओं के चलने से रात के तापमान में गिरावट आने की संभावना है। इस दौरान राज्य के कुछ एक क्षेत्रों में सुबह धुंध छाएगी, लेकिन एक और पश्चिमी विक्षोभ के एक्टिव होने से 10 जनवरी की रात से हवाओं में बदलाव होगा।

उत्तर पूर्वी हवाएं चलने से 11 व 12 जनवरी को मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। इस दौरान राज्य के अधिकांश जिलों में गरज-चमक के हल्की से मध्यम बारिश होने की आशंका है, लेकिन 13 जनवरी से मौसम खुश्क रहेगा, लेकिन ठंड से राहत नहीं मिलेगी।

Exit mobile version