हरियाणा में मौसम विभाग ने 2 दिन बारिश के दौर के बाद अब फिर से धुंध का अलर्ट जारी किया है। चंडीगढ़ IMD के मुताबिक मंगलवार से सभी 22 जिलों में घने कोहरे का यलो अलर्ट है। इसमें 7 जिलों में हालात ज्यादा खराब रहेंगे। इनमें करनाल, कैथल, जींद, पानीपत, सोनीपत, रोहतक और झज्जर शामिल हैं। संभावना है कि यहां 0 से 20 मीटर तक विजिबिलिटी रह सकती है।
हालांकि, अधिकतर जिलों में मौसम साफ है, अभी तक कहीं ज्यादा धुंध देखने को नहीं मिली। रात से शीतलहर चल रही है, जिससे लोगों को ठिठुरन महसूस हो रही है। जींद और भिवानी में बादल छाए हुए हैं।
तापमान में 0.3 डिग्री की गिरावट आई है। अधिकतम तापमान 2 जिलों में सबसे कम रहा। इनमें नारनौल का अधिकतम तापमान 12.7 डिग्री और रोहतक का 12.9 डिग्री दर्ज किया गया।
प्रदेश में अब रात का तापमान बढ़ रहा है। न्यूनतम तापमान में 0.9 डिग्री बढ़ोतरी हुई है। महेंद्रगढ़ जिले के नारनौल की रातें सबसे ठंडी रहीं। यहां का पारा 7.5 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। वहीं दूसरे नंबर पर फरीदाबाद और हिसार की रातें सबसे ठंडी रहीं।
यहां का न्यूनतम तापमान 8.2 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। इनके अलावा रोहतक, भिवानी, सिरसा, गुरुग्राम और सोनीपत जिले में तापमान 10 डिग्री से अधिक रहा।
चंडीगढ़ मौसम विभाग के निदेशक डॉ. सुरेंद्र कुमार ने बताया कि अभी ठंड से राहत मिलने के कोई आसार नहीं हैं। आने वाले दिनों में धुंध का दौर जारी रहेगा। बारिश के भी आसार बने हुए हैं। पहाड़ी हवाओं और धुंध के कारण आने वाले दिनों में भी तापमान में लगातार गिरावट देखने को मिलेगी। 10 जनवरी के करीब मौसम में फिर बदलाव देखने को मिलेगा। एक पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव होने से बारिश के आसार बन सकते हैं।

