हरियाणा में रविवार को लगभग सभी जिलों में अच्छी बारिश हुई। 24 घंटे में औसतन 7.3 मिलीमीटर पानी बरसा, जो सामान्य (4.2 MM) से 73% ज्यादा है। अंबाला में सबसे ज्यादा 165.8 MM बारिश हुई। इससे शहर में बाढ़ जैसे हालात बन गए।
यमुनानगर में सोम नदी उफान पर है। साढौरा के वार्ड-6, छछरौली के 27 गांव व बिलासपुर के 30 से अधिक गांव में घरों में पानी भर गया। खानुवाला गांव में खेतों में काम कर रहे चिंतपुर निवासी सतपाल (50) की पानी में डूबने से मौत हो गई। बाढ़ से बचाव के लिए NDRF की टीम पहुंच गई है। NDRF ने शव बरामद कर लिया है।
उधर, रविवार को पलवल में नहाते समय यमुना में डूबने से एक ही परिवार के 3 बच्चों की मौत हो गई। घटना भोलड़ा गांव की है। मृतकों की पहचान पूजा (12), ममता (11) और करण के रूप में हुई है।
सोमवार को मौसम विभाग ने 7 जिलों में तेज बारिश का अलर्ट जारी किया है। महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, झज्जर, गुरुग्राम, नूंह, पलवल और फरीदाबाद में तेज बारिश आ सकती है।
हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय (HAU) के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के प्रोफेसर डॉ. मदन खीचड़ ने बताया कि मानसूनी हवाओं के चलते 16 अगस्त तक मानसून की सक्रियता अधिक रहेगी। 12 व 13 अगस्त को उत्तर और पश्चिमी हरियाणा में हल्की वर्षा और 15 से 16 अगस्त तक राज्य में तेज वर्षा हो सकती है
