सस्ती दराें पर लाेन देने का झांसा देकर रोहतक व कैथल जिले में करीब 300 महिलाओं को अपना शिकार बना चुके एक गिरोह को रोहतक पुलिस ने पकड़ लिया है। गिरोह ने एक प्राइवेट फाइनेंस कंपनी खोलकर लोगों को अपना शिकार बनाया। पुलिस ने 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें यूपी के सहारनपुर का राजू, अजय, राजबीर और जैन नामक युवक शामिल है। राजू इस गिरोह का मास्टरमाइंड है। वो पहले एक फाइनेंस कंपनी में काम करता था। वहां भी फ्रॉड करने पर उसके ऊपर केस दर्ज हुआ था और गिरफ्तारी हुई थी।

पुलिस के अनुसार राजू ने जेल से छूटने के बाद करीब तीन महीने पहले ही ठग गिरोह बनाया। इसमें उसने अपने साथी राजबीर को साथ मिलाया। राजबीर ने इसके बाद अपने गांव के जैन और सचिन नाम के युवक को मिलाया। इसके बाद सभी रोहतक में आए और उन्होंने वीटा प्लांट के पास बैंक कॉलोनी में किराए के घर में अपना ऑफिस खोला। आरोपियों ने धन फाइनेंस नाम से अपनी फर्म खोली थी। इसके बाद वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने पांचों आरोपियों को बुधवार को कोर्ट में पेश किया। पांचों को कोर्ट ने 5 दिन के रिमांड पर भेजा है।

आरोपियों ने रोहतक में धन फाइनेंस प्राइवेट लिमिटेड नाम से कंपनी का ऑफिस खोला। इसमें राजू कंपनी में बतौर मैनेजर, अजय बतौर सहायक मैनेजर, राजबीर बतौर ऑफिस ब्वॉय, जैन व सचिन फील्ड का काम करने लगे। सचिन व जैन गांवों व कालोनियों में जाकर महिलाओं को सस्ते दर पर लोन दिलाने का लालच देते। अधिकतर को वो केंद्र सरकार की ही किसी योजना का नाम लेकर इस बारे में बताते। इसमें खास बात ये रहती की दोनों शातिर महिलाओं को ऑफिस में आकर ही फार्म भरने व फीस जमा कराने की कहते। इससे महिलाओं को कुछ विश्वास हो जाता था।

ठग गिरोह ने 29 जून को रोहतक से फरार होने के बाद ही कैथल में अपना ऑफिस खोल लिया था। रोहतक में महिलाओं से ठगी का मामला सिटी थाना में दर्ज था। पिछले दिनों पुलिस को इनपुट मिला की रोहतक की तर्ज पर एक गिरोह कैथल में भी सक्रिय है। इसके बाद सिटी थाना के एएसआई सन्नी की टीम ने मॉनिटरिंग शुरू की। सबूत मिलने पर पुलिस ने इन शातिरों को गिरफ्तार कर लिया। रोहतक पुलिस रिमांड के दौरान आरोपियों से पूछताछ करेगी कि कैथल में कितने लोगों को ठगी का शिकार बनाया।

लोग ठगी का शिकार हुए, लेकिन पुलिस के पास नहीं पहुंचे। 6 जुलाई को बहुअकबरपुर गांव की सरोज ने पुलिस को खुद व पड़ोस की 6 महिलाओं के साथ ठगी के बारे में बताया। वहीं पुलिस ने गिरोह को कैथल से काबू किया। सोनीपत और रोहतक के ग्रामीण इलाकों में इस गिरोह के झांसे में करीब 200 महिलाओं की लिस्ट पुलिस के पास है। जिनसे आरोपियों ने ठगी की है।

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!