Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

मछली फार्म संचालक के साथ लाठी डंडों से मारपीट…उधार दिए पैसे मांगे थे वापस

हरियाणा के भिवानी जिले में उधार दिए गए पैसे वापस मांगना एक व्यक्ति को भारी पड़ गया। पैसे लौटाने की बजाय आरोपी ने पीड़ित को मछली पालन फार्म पर बुलाकर लाठी-डंडों से जमकर मारपीट की। पूरी वारदात CCTV कैमरे में कैद हो गई, जिसमें आरोपी डंडों से हमला करते दिखाई दे रहे हैं।
पीड़ित सुरेश कुमार, निवासी गांव गोकुलपुरा, ने सिवानी थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह 2021 से गांव बखतावरपुरा में लीज पर जमीन लेकर मछली पालन का काम कर रहा है।
सुरेश के मुताबिक, गांव का एक युवक 3 नवंबर 2025 को उससे 20 हजार रुपए उधार लेकर गया था और दो दिन में लौटाने का वादा किया था। यह रकम ऑनलाइन ट्रांसफर की गई थी, लेकिन 15 दिन बीतने के बाद भी पैसे वापस नहीं मिले।
बार-बार मांगने पर आरोपी टालमटोल करता रहा। 8 अप्रैल को सुरेश ने आरोपी के पिता को फोन कर पैसे मांगे। इसके बाद आरोपी ने खुद कॉल कर उसे मछली फार्म के बाहर बुलाया और पैसे देने की बात कही।
सुरेश जब मौके पर पहुंचा तो आरोपी हाथ में लाठी लेकर आया और गालियां देते हुए उस पर हमला कर दिया। इसी दौरान आरोपी की मां भी मौके पर पहुंच गई और दोनों ने मिलकर सुरेश के साथ मारपीट की।
पीड़ित ने आरोप लगाया कि हमले के दौरान उसके गले से सोने की चेन और अंगूठी भी छीन ली गई। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव कर उसे बचाया।
आरोप है कि जाते समय आरोपियों ने सुरेश को जान से मारने की धमकी भी दी। घायल अवस्था में सुरेश को अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और CCTV फुटेज के आधार पर जांच शुरू कर दी है।

Exit mobile version