रोहतक में सीएम की हिदायत के बाद मंगलवार को मेयर मनमाेहन गोयल ने पहला जनता दरबार तो लगाया, लेकिन ये पहला जनता दरबार अव्यवस्थाओं के नाम ही रहा। अपने छोटे से कार्यालय में लगाए गए इस दरबार में शिकायत लेकर आने वाले लोगों को बैठने तक की सुविधा नहीं दी गई। पूरे कार्यालय में नगर निगम के पार्षद, विभिन्न शाखाओं के कर्मचारी ही बैठ गए। इसके बाद दो सिपाही गेट पर खड़े कर दिए अौर वे आमजन की कतार बनाने में ही लगे रहे। इन हालातों को देखकर स्वयं मेयर मनमोहन गोयल ने ही कह डाला कि जगह कम है। इस दौरान निगम आयुक्त धीरेंद्र खड़गटा, सीनियर डिप्टी मेयर राजकमल सहगल मौजूद रहे। दरबार में 35 शिकायतें आईं।
दरबार में शिकायत लेकर पहुंचे केवल गंज निवासी चिराग मलिक ने बताया कि वे छोटूराम चौक पर बने एक नर्सिंग होम की अवैध इमारत पर स्वयं निगम की ओर से सितंबर 2016 में रिपोर्ट दी गई थी और बताया गया था कि यह भवन सुरक्षित नहीं है, अग्नि सुरक्षा, यातायात व आगजन सुरक्षा की दृष्टि से खतरनाक है। इसलिए इन भवनों में दुघर्टना का भी अंदेशा है।=अब तक बिल्डिंग शाखा के अधिकारियों की मिलीभगत के चलते इस पर कार्रवाई नहीं हो पाई है। इस मामले में नगर निगम में 4 बार पत्र और आरटीआई तक लगाई गई है।
एकता कॉलोनी की बीरमति ने बताया कि उसका मकान दूसरे की प्रापर्टी आईडी में लिंक कर दिया गया है। इसे सुधारा जाए। ताकि सही प्रापर्टी का ही टैक्स भरा जा सके। सलारा मोहल्ला के हंसराज भी प्रापर्टी टैक्स का बिल ठीक कराने पहुंचे।
