Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

हरियाणा में किसानों को बोनस की पहली किस्त जारी:CM बोले-सरकार दूधियों का बीमा कराएगी, 8 जिलों में पशु चिकित्सा पॉली क्लीनिक खुलेंगे

हरियाणा के CM नायब सैनी ने शुक्रवार को चंडीगढ़ में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कई घोषणाएं की। उन्होंने कहा कि हरियाणा में इस बार कम बारिश हुई है। इससे किसानों को काफी नुकसान हुआ है। इसको देखते हुए हमारी कैबिनेट ने फैसला लिया था कि किसानों को 2000 रुपए बोनस में देंगे।

इसकी पहली किश्त सरकार ने किसानों को जारी की है। 5 लाख 20 हजार किसानों के खातों में 1 और 2 दिनों में 525 करोड़ रुपए पहुंच जाएंगे।

प्रदेश के 14 जिलों में पशु चिकित्सा पॉली क्लीनिक संचालित हो रहे हैं, राज्य के जो शेष 8 जिले हैं उनमें भी ये पशु चिकित्सा पॉली क्लीनिक खोले जाएंगे। इनमें सभी आधुनिक सुविधाएं होंगी। इसमें एक्स-रे, अल्ट्रासाउंड जैसी सुविधाएं होंगी।

जिन आठ जिलों में पशु चिकित्सा क्लिनिक खोले जाएंगे, उनमें पंचकूला, कैथल, करनाल, हिसार, झज्जर, गुरुग्राम, फरीदाबाद, यमुनानगर शामिल हैं।

सीएम ने दूध उत्पादक किसानों के लिए घोषणा की। उन्होंने कहा कि घरों तक दूध सप्लाई करने वालों दूधियों का सरकार बीमा कराएगी। प्रधानमंत्री बीमा योजना के तहत सभी दुग्ध वितरकों (दूधिया) को कवर किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि प्रदेश के ऐसे दूध विक्रेता जिनकी वार्षिक आय 3.20 लाख है उन्हें राज्य की दयालु योजना के तहत जोड़ा जाएगा। इस योजना के तहत परिवार के किसी सदस्य की मृत्यु या स्थायी दिव्यांगता की स्थिति में वित्तीय सहायता दी जाएगी। हमारे ये दूधिए हर मौसम में लोगों को सेवाएं दे रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस वित्तीय वर्ष के दौरान अंत्योदय परिवारों के सदस्यों की प्रोत्साहन राशि दूध पर 5 रुपए प्रति लीटर से बढ़ाकर 10 रुपए कर दी गई है। इसी योजना के तहत पिछले साल 39 करोड़ रुपए की राशि भेजी थी, इस बार इस योजना के तहत 100 करोड़ रुपए बजट कर दिया है।

Exit mobile version