Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

हरियाणा में NSA में पहली गिरफ्तारी रोहतक में:कुख्यात राजकुमार उर्फ श्यामू अरेस्ट; वर्ष 2011 से हत्या-गैंगरेप समेत कर चुका 12 वारदातें

हरियाणा के रोहतक में पुलिस ने कुख्यात बदमाश राजकुमार उर्फ श्यामू को राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम 1980 (NSA) के गिरफ्तार किया है। NSA में किसी की गिरफ्तारी का हरियाणा में यह पहला मामला है। पुलिस ने केस तैयार करके जिला मजिस्ट्रेट को भेजा था।

राजकुमार उर्फ श्यामू को राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम 1980 की धारा (3)2 के तहत हिरासत में लेकर रोहतक जेल में बंद कराया गया है। उस पर हत्या, हत्या का प्रयास, गैंगरेप, जबरन वसूली, मारपीट, आपराधिक साजिश, अवैध हथियार रखने आदि के 12 मामले रोहतक, झज्जर, गोहाना में दर्ज हैं।

रोहतक के एसपी हिमांशु गर्ग ने बताया कि आरोपी गांव खिड़वाली निवासी राजकुमार उर्फ श्यामू ने अपने साथियों के साथ मिलकर गद्दी खेड़ी निवासी आशीष पर जानलेवा हमला करने की वारदात अंजाम दिया था। जिसका थाना बहुअकबरपुर में मामला दर्ज है। प्रारंभिक जांच में सामने आया था कि आशीष की गांव बसंतपुर निवासी अजय के साथ दोस्ती है।

करीब सात/आठ महीने पहले निवासी खिड़वाली राहुल उर्फ बाबा व मोखरा निवासी प्रवीण ने अजय के पैर तोड़ दिए थे। आशीष अजय के पास आता-जाता रहता है, इसी बात को लेकर 7 मार्च को प्रवीण व राहुल ने आशीष के पास फोन कर अजय के पास आना-जाना छोड़ने को कहा व ना मानने पर जान से मारने की धमकी दी।

8 मार्च को करीब 20/25 लड़के आशीष के घर आए और आवाज दी। आशीष जैसे ही अपने घर से बाहर निकला तो युवकों ने गेट के ऊपर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। आशीष ने अपना बचाव करते हुए अंदर भाग गया। युवक गाली गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। घटनास्थल से पुलिस द्वारा 25 खोल/कारतूस बरामद किए गए थे।

आरोपी राजकुमार उर्फ श्यामू को 11 अप्रैल को गिरफ्तार किया गया था। उसको 1 सितंबर को जमानत मिल गई। आरोपी सन 2011 से आपराधिक गतिविधियों में शामिल हुआ है।

राजकुमार उर्फ श्यामू को एनएसए एक्ट 1980 के तहत काबू किया गया है। राज्य के लिए ऐसा बदमाश खतरा बन रहा था। वर्तमान स्थिति को देखते हुए आरोपी समाज के लिए खतरा है, जिससे समाज पर विपरीत असर पड़ता है। रोहतक पुलिस आगे भविष्य में भी जो आदतन आरोपी समाज के लिए खतरा बन सकते हैं, उनके खिलाफ भी एनएसए एक्ट के तहत कार्यवाही करेगी।

Exit mobile version