हरियाणा के मुरथल में सोमवार रात भाजपा नेता देवेंद्र कादियान की मन्नत हवेली (ढाबा) में जमकर हंगामा हुआ। लड़के-लड़कियों के ग्रुप का यहां बीयर पीने को लेकर बाउंसर से विवाद हो गया। इसके बाद युवक मंगलवार सुबह अपने साथियों के साथ दोबारा यहां पहुंचे और हवेली में तोड़फोड़ की।

इस दौरान एक युवक ने हवेली के कैशियर बिजेंद्र को गोली मार दी। उसे पांव में गोली लगने के बाद अस्पताल में दाखिल कराया गया। पुलिस मामले में छानबीन कर रही है।

सोनीपत जिले में सांदल कलां गांव के रहने वाले बिजेंद्र की ओर से मुरथल थाने में दी गई शिकायत के अनुसार, वह तकरीबन 5 महीने से नई दिल्ली-चंडीगढ़ नेशनल हाईवे पर मुरथल के भिगान गांव में बनी मन्नत हवेली पर बतौर कैशियर जॉब कर रहा है।

1 जनवरी की रात में वह ड्यूटी पर था। रात करीब साढ़े 11 बजे 3 लड़के राजस्थान नंबर की कार में हवेली पर आए। उनके साथ 2 लड़कियां भी थी। उस ग्रुप का 1 युवक ओपन एरिया में बीयर पी रहा था। जब उसे करने से रोका तो युवक ने वहां तैनात बाउंसरों के साथ झगड़ा शुरू कर दिया।

बिजेंद्र के मुताबिक, कहासुनी बढ़ते देखकर उसने डायल-112 पर कॉल कर पुलिस बुला ली। पुलिस को देखकर लड़के-लड़कियों का ग्रुप उसे बाद में देख लेने की धमकी देकर वहां से चला गया। इसके लगभग सवा 3 घंटे बाद, रात 2.45 बजे तीनों युवक अपने 6-7 दोस्तों के साथ दोबारा हवेली पर आए और आते ही मेन गेट के सामने रखा सामान तोड़ना शुरू कर दिया। उनमें से 3 युवक हवेली का मेनगेट खोलकर अंदर भी घुस गए।

मुरथल थाने के जांच अधिकारी ASI संदीप ने बताया कि डायल-112 से मन्नत हवेली में गोली चलने की सूचना मिलने के बाद वह मौके पर पहुंचे। घायल कैशियर बिजेंद्र का इलाज अस्पताल में चल रहा है। पुलिस ने मौके का मुआयना करने के बाद बिजेंद्र के बयान पर अज्ञात युवकों के खिलाफ आईपीसी की धारा 148, 149, 307, 427, 506 IPC और आर्म्स एक्ट की धारा 25/27-54-59 के तहत केस दर्ज कर लिया।

पुलिस मन्नत हवेली में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और हमलावरों की गाड़ियों के नंबर से उनकी पहचान करने में जुटी है।

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!