Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

Rohtak में कीर्तन के दौरान हुई फायरिंग: कीर्तन मंडली के उपप्रधान की बाजू में लगी गोली, आरती के दौरान पर्दे के पीछे से चली

रोहतक में भजन कीर्तन के दौरान किसी व्यक्ति ने फायरिंग कर दी। गोली भजन मंडली के उप प्रधान की बाजू को छूकर निकल गई और वह बाल-बाल बच गया। घायल का PGI में इलाज चल रहा है।

रोहतक की साईंदास कॉलोनी निवासी नितिन मल्होत्रा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसने अन्य साथियों के साथ मिलकर राधा रमन परिवार मंडली पंजीकृत करवाई हुई है। जिसमें वह उपप्रधान है। उनकी मंडली रोहतक शहर में अलग-अलग स्थानों पर जाकर भजन कीर्तन करती है। रविवार रात को भी उनकी मंडली रोहतक के गुरुनानकपुरा में भजन कीर्तन के कार्यक्रम में गई हुई थी। जहां पर भजन कीर्तन का प्रोग्राम चल रहा था।

नितिन ने बताया कि उनकी मंडली द्वारा कीर्तन रात करीब 8 बजे से लेकर रात 11 बजे तक करना था। भजन कीर्तन में भगवान श्री राधा कृष्ण की मूर्ति व साउंड सिस्टम भी चलाया जा रहा था। रात करीब साढ़े 10 बजे वह कीर्तन पंडाल में पर्दे के साथ खड़ा होकर आरती करवा रहा था। इसी दौरान पर्दे के पीछे से किसी अज्ञात व्यक्ति ने जान से मारने की नीयत से उस पर फायरिंग कर दी। गोली उसकी बांई बाजू में लगी और आगे निकल गई।

नितिन मल्होत्रा ने कहा कि जब बाजू में दर्द होने लगा तो उन्होंने चेक किया। उसमें पता लगा कि उन्हें गोली लगी है। क्योंकि स्पीकर की आवाज तेज होने के कारण गोली की आवाज भी सुनाई नहीं दी। गोली का पता लगने के बाद पर्दे के पीछे देखा तो वहां पर कोई भी व्यक्ति दिखाई नहीं दिया। किसी अज्ञात व्यक्ति ने इस घटना को अंजाम दिया और हथियार सहित मौके से फरार हो गया।

गोली लगने के बाद आसपास के लोग भी एकत्रित हो गए और नितिन को संभाला। घायल को उपचार के लिए जिला अस्पताल में लेकर गए, जहां पर डॉक्टरों ने घायल का इलाज शुरू कर दिया। वहीं मामले की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है। पुलिस ने घायल के बयान पर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

Exit mobile version