चरखी दादरी शहर में बुधवार रात बारात में आए दूल्हे के दोस्तों ने शादी की खुशी में फायरिंग कर दी। जिससे एक 13 साल की लड़की की खोपड़ी पर गोली लगने से मौत हो गई। वहीं उसके पास खड़ी मां और एक अन्य महिला को छर्रे लगे। जिससे वे दोनों भी घायल हो गईं। घायलों को चरखी दादरी के सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। यह देखकर फायरिंग करने वाले बाराती वहां से फरार हो गए।

मरने वाली लड़की और उसकी मां परिवार समेत झज्जर से चरखी दादरी शादी में शामिल होने पहुंची थीं। सूचना मिलने पर सिटी थाना पुलिस सिविल अस्पताल पहुंची और मृतक लड़की के पिता के बयानों के आधार पर केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू की है। मृतका के शव को सिविल अस्पताल के शव गृह में रखवाया गया है।
