हरियाणा के गुरुग्राम में यूट्यूबर और बिग बॉस ओटीटी फेम एल्विश यादव के घर पर फायरिंग हुई। बाइक सवार बदमाशों ने उनके घर के बाहर दो दर्जन से ज्यादा फायर किए। मामला सुबह करीब 6 बजे का है। घटना की सूचना मिलते ही सेक्टर-56 पुलिस मौके पर पहुंच गई।
वारदात के समय एल्विश यादव घर पर मौजूद नहीं थे। वह इस समय विदेश में हैं। फायरिंग के दौरान घर पर केवल उनकी मां और एक केयरटेकर थे। परिवार के मुताबिक, उन्हें पहले किसी तरह की धमकी नहीं मिली थी।
पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि फायरिंग सेक्टर-56 थाना क्षेत्र के एक मकान पर की गई। यह वही मकान है, जिसकी दूसरी मंजिल पर एल्विश यादव रहते हैं। बदमाशों ने घर के पहले मंजिल और ग्राउंड फ्लोर पर गोलीबारी की।
बदमाशों की चलाई गई गोलियां एल्विश यादव के घर की बालकनी तक जा लगीं। गनीमत यह रही कि सुबह का समय होने के कारण एल्विश यादव के घर के सदस्य बाहर नहीं थे। इसी वजह से फायरिंग में कोई घायल नहीं हुआ। फिलहाल बदमाशों ने फायरिंग क्यों की, इसकी वजह सामने नहीं आई है।
पुलिस की कई टीमें मौके पर जांच में जुटी हैं। शुरुआती जांच में सामने आया है कि 3 लोग मोटरसाइकिल पर सवार होकर आए थे और उन्होंने इस वारदात को अंजाम दिया।
इस मामले पर मीडिया से बात करते हुए एल्विश यादव के पिता राम अवतार यादव ने बताया कि घटना के समय परिवार घर के अंदर ही था। हमे लग रहा है कि आरोपियों ने 25 से 30 राउंड फायरिंग की है। सीसीटीवी फुटेज में हमें तीन बदमाश दिख रहे हैं। उन्होंने घर के बाहर खड़े होकर पहले फायरिंग की है और बाद में मौके से फरार हो गए।
फायरिंग की सूचना के बाद सेक्टर-56 थाना पुलिस के साथ-साथ क्राइम ब्रांच की दो टीमें भी मौके पर पहुंची हैं। पुलिस आसपास के घरों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, लेकिन अभी तक कोई सुराग नहीं मिला है।
पुलिस के मुताबिक, हमलावरों की संख्या तीन थी और वे बाइक पर सवार होकर आए थे। जिस तरह से फायरिंग की गई है, उससे शक है कि हमलावर प्रोफेशनल शूटर हैं और किसी बड़े गैंग से जुड़े हो सकते हैं।
इस मामले को पुलिस राहुल फाजिलपुरिया केस से भी जोड़कर देख रही है। दरअसल, सुनील सरधानिया और दीपक नांदल ने राहुल फाजिलपुरिया को धमकी दी थी कि उसके करीबियों को एक-एक कर निशाना बनाया जाएगा। इससे पहले उसके परिचित रोहित शौकीन की हत्या भी हो चुकी है।

